1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली यूनिवर्सिटी पहुंच हस्ताक्षर अभियान में लिया भाग, कहा- निर्णायक पदों पर महिलाओं की भागीदारी जरूरी

सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली यूनिवर्सिटी पहुंच हस्ताक्षर अभियान में लिया भाग, कहा- निर्णायक पदों पर महिलाओं की भागीदारी जरूरी

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 10, 2026 05:26 pm IST,  Updated : Apr 10, 2026 05:26 pm IST

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से राजनीतिक प्रतिनिधित्व का नया अध्याय लिखा जाएगा। लखपति बिटिया और अनमोल जैसी योजनाएं महिला सशक्तिकरण की नींव हैं।

rekha gupta du- India TV Hindi
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। Image Source : REPORTERS INPUT

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के आर्ट्स फैकल्टी में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रशासन और नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। जब महिलाएं निर्णय लेने वाले पदों पर पहुंचेंगी, तभी वे समाज, परिवार और अपनी जरूरतों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी बदलाव ला सकेंगी। दिल्ली में चलने वाली ‘लखपति बिटिया’ और ‘अनमोल’ जैसी योजनाएं इसी संवेदनशील दृष्टिकोण का परिणाम हैं, जो महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करती हैं।

CM रेखा गुप्ता ने PM मोदी के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान ‘अब नेतृत्व की बारी है, नारी शक्ति वंदन की जिम्मेदारी है’ और ‘सशक्त नारी, समृद्ध राष्ट्र’ जैसे संदेशों के माध्यम से महिला नेतृत्व और समान प्रतिनिधित्व के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह ‘बेटी बचाओ’ से ‘बेटी बढ़ाओ’ तक की यात्रा को साकार करेगा।

दशकों पुरानी है महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग दशकों पुरानी है। 1931 से शुरू हुई यह पहल कई चरणों से गुजरी और वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का कानून बनना इस लंबे संघर्ष का परिणाम है और अब इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

सीएम ने दिया जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनें और महिला सशक्तीकरण के इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। जब महिलाएं निर्णय प्रक्रिया में बराबरी से भाग लेंगी, तभी लोकतंत्र वास्तव में मजबूत बनेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश में राजनीतिक प्रतिनिधित्व का नया अध्याय लिखेगा और भारत को एक अधिक सशक्त, संतुलित और प्रगतिशील लोकतंत्र के रूप में स्थापित करेगा।

इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर करें समर्थन

इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस ऐतिहासिक पहल के प्रति अपना समर्थन दर्ज कराया। यहां उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि वे इस पहल के समर्थन में आगे आएं और निर्धारित नंबर 9667173333 पर मिस्ड कॉल देकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

छात्राओं और महिला शिक्षकों से CM रेखा ने किया संवाद

हस्ताक्षर अभियान के बाद मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित चाय स्टॉल पर छात्राओं और महिला शिक्षकों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सभी के साथ चाय पीते हुए उनकी राय, अनुभव और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस आत्मीय बातचीत के माध्यम से मुख्यमंत्री ने न केवल युवाओं और शिक्षकों से सीधा संवाद स्थापित किया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद जितना सरल और सहज होगा, नीतियां उतनी ही प्रभावी और जनोन्मुखी बनेंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।