1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. राहत के दिन खत्म, दिल्ली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार

राहत के दिन खत्म, दिल्ली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार

 Published : Apr 25, 2022 11:05 pm IST,  Updated : Apr 25, 2022 11:05 pm IST

आगामी कुछ दिनों में दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राष्ट्रीय राजधानी में 28 अप्रैल से लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

Delhi Heat Wave- India TV Hindi
Delhi Heat Wave Image Source : PTI

नई दिल्ली/चंडीगढ़: दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया और आगामी दो-तीन दिनों में लू के प्रकोप के कारण बृहस्पतिवार तक पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शहर का सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अफगानिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंशिक रूप से बादल छाए रहने से उत्तर पश्चिम भारत में लंबे समय तक चलने वाली लू से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आगामी कुछ दिनों में लू चलने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राष्ट्रीय राजधानी में 28 अप्रैल से लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

इस बीच, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में सोमवार को लू की स्थिति बनी रही और इस क्षेत्र में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। गुरुग्राम में जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं दोनों ही प्रदेशों की राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा के भिवानी में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 41.2 डिग्री सेल्सियस, सिरसा और रोहतक में 40.9 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 40 डिग्री सेल्सियस, होशियारपुर में 40.5 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 38.7 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

(इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।