1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: गर्लफ्रेंड की हत्या के अगले ही दिन आरोपी साहिल गहलोत ने की थी दूसरी लड़की से शादी, सामने आईं चौंकाने वाली बातें

दिल्ली: गर्लफ्रेंड की हत्या के अगले ही दिन आरोपी साहिल गहलोत ने की थी दूसरी लड़की से शादी, सामने आईं चौंकाने वाली बातें

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Feb 15, 2023 07:02 am IST,  Updated : Feb 15, 2023 09:18 am IST

दिल्ली में एक बार फिर श्रद्धा मर्डर केस की तरह एक लड़की की हत्या हुई है। हत्या को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका ही बॉयफ्रेंड है। आरोपी साहिल गहलोत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Sahil Gehlot And Nikki Yadav - India TV Hindi
साहिल गहलोत और निक्की यादव Image Source : FILE

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर से श्रद्धा मर्डर केस जैसी वारदात से दहल गई है। इस बार आरोपी लड़के ने लड़की की हत्या करने के बाद शव को फ्रिज में छिपा दिया और चौंकाने वाली बात तो ये है कि हत्या के अगले ही दिन दूसरी लड़की से शादी कर ली। पुलिस ने लड़की के शव को बरामद कर लिया है और आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। लड़के से पूछताछ जारी है, जिसमें कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। आरोपी लड़के का नाम साहिल गहलोत है। 

क्या है पूरा मामला

मित्राऊं गांव का रहने वाला साहिल गहलोत साल 2018 में निक्की यादव से उत्तम नगर के एक कोचिंग सेंटर में मिला था। यह पहली मुलाकात दोनों के बीच कब प्यार में बदल गई, किसी को पता नहीं चला। प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि साहिल और निक्की ने ग्रेटर नोएडा की एक निजी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया और फिर ग्रेटर नोएडा में ही एक किराए के मकान में लिव-इन में रहने लगे। दोनों के सिर पर प्यार इस कदर सवार था कि निजी यूनिवर्सिटी में अलग-अलग कोर्स में दाखिला लेने वाले निक्की यादव और साहिल गहलोत अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सके। 

इसके बाद साहिल ने किसी और कॉलेज में दाखिला ले लिया और निक्की यादव के साथ द्वारका इलाके में एक किराए के मकान में रहने लगा इसके बाद दोनों ने उत्तम नगर में एक घर किराए पर लिया। निक्की यादव ने साहिल के साथ शादी का सपना देखा था लेकिन वह नहीं जानती थी कि जिसे वह अपना हमसफर चुन रही है, वही एक दिन उसकी बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर देगा। 

साहिल के घरवालों को थी निक्की से आपत्ति

साहिल के घर वालों को निक्की यादव और साहिल गहलोत का रिश्ता पसंद नहीं था और इसी कारण से साहिल के घर वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इन सब बातों से अनजान निक्की, साहिल के साथ गोवा घूमने का प्लान कर रही थी, जिसके लिए निक्की ने गोवा के लिए अपनी टिकट भी बुक करा ली थी। लेकिन किसी कारण से साहिल की टिकट कंफर्म नहीं हो पाई और इसके बाद दोनों ने उत्तराखंड घूमने का प्लान बनाया।

लेकिन इसी बीच निक्की को साहिल की 10 फरवरी को होने वाली शादी के बारे में भनक लग गई, जिसके बाद निक्की ने साहिल को मिलने के लिए अपने घर बुलाया और फिर दोनों गाड़ी में सवार होकर आनंद विहार की तरफ चल दिए। बीच रास्ते में लगातार साहिल निक्की को समझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जब दोनों आनंद विहार पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उत्तराखंड जाने के लिए बस आनंद विहार बस अड्डे से नहीं बल्कि कश्मीरी गेट बस स्टेशन से मिलेगी।

साहिल ने डाटा केबिल से कार में गला घोंटा

दोनों ने कश्मीरी गेट बस स्टेशन का रुख किया लेकिन साहिल की शादी को लेकर निक्की इस कदर नाराज थी कि दोनों के बीच कहासुनी इस हद तक बढ़ गई की साहिल ने गुस्से में आकर मोबाइल की डाटा केबल से अपनी ही गाड़ी में निक्की यादव की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद वहां से तकरीबन 40 किलोमीटर दूर साहिल, निक्की के शव को अपनी गाड़ी में रखकर मित्राऊँ गांव के अपने ढाबे पर पहुंचा।

ढाबे पर पहुंचने के बाद साहिल ने निक्की यादव के शव को ढाबे में रखे एक फ्रिज में छिपा दिया। इस हत्याकांड को साहिल ने 9 तारीख की रात को अंजाम दिया और उसके बाद पहले से तय 10 फरवरी की अपनी शादी के दिन वह घोड़ी पर चढ़ा। साहिल के घर वाले और तमाम दोस्त उसकी शादी से बेहद खुश थे लेकिन उनको नहीं पता था की घोड़ी पर बैठा दूल्हा अपनी गर्लफ्रेंड का हत्यारा है। 

मर्डर से अनजान था साहिल का परिवार

10 फरवरी को साहिल ने इस पूरे हत्याकांड से अनजान परिवार की मर्जी से शादी की और शादी के महज 4 दिन बाद यानी 14 तारीख को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को इस हत्याकांड की भनक लग गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच मित्राऊं गांव में बने साहिल के ढाबे पर पहुंच गई और वहां से निक्की यादव के शव को बरामद कर लिया और उसके बाद इस हत्याकांड के आरोपी साहिल को भी क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें- 

मोदी ने बाइडन से की फोन पर बात, एयर इंडिया और बोइंग समझौते को मिला नया मुकाम

राजस्थान: SHO विष्णुदत्त सुसाइड मामले में नया मोड़... कांग्रेस MLA कृष्णा पूनिया के खिलाफ वारंट जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।