दिल्ली पुलिस ने वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले 6 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सभी विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उन्हें सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने इनके निर्वासन (Deportation) की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
होटल सार्थक प्लेस में रुके थे बांग्लादेशी
पुलिस के अनुसार, मध्य दिल्ली में होटलों और गेस्ट हाउसों में विदेशी नागरिकों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसी दौरान नबी करीम स्थित होटल सार्थक प्लेस में ठहरे 6 बांग्लादेशी नागरिकों की जांच की गई।
वीजा की शर्तों का उल्लंघन
जांच के दौरान उनके पासपोर्ट, वीजा और इमिग्रेशन रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। जांच में सामने आया कि सभी के पास डबल एंट्री वीजा था, लेकिन उन्होंने प्रत्येक यात्रा के लिए निर्धारित 15 दिनों की अधिकतम अवधि से अधिक समय तक भारत में रहकर वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया।
सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेजा गया
वीजा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद सभी को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष पेश किया गया। एफआरआरओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए सभी के खिलाफ रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी किया और उन्हें सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस की टीम अभी और ऐसे लोगों की जांच पड़ताल कर रही है। कहीं दिल्ली में और ऐसे बांग्लादेशी तो नहीं छिपे हैं, जिनका वीजा खत्म हो गया हो।
डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू
अधिकारियों ने बताया कि सभी बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अब डिपोर्टेशन (निर्वासन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें उनके देश वापस भेजा जाएगा।
अभी कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं आया सामने
प्रारंभिक जांच में अब तक गिरफ्तार किए गए किसी भी व्यक्ति का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि, पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि भारत में उनके ठहरने का उद्देश्य क्या था तथा कहीं किसी अन्य नियम का उल्लंघन तो नहीं किया गया।
ये भी पढ़ें: