1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. पुलिस आई तो विदेशी महिला ने चौथी मंजिल से लगा दी छलांग, मौत के बाद बंद कमरे का राज खुला

पुलिस आई तो विदेशी महिला ने चौथी मंजिल से लगा दी छलांग, मौत के बाद बंद कमरे का राज खुला

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 12, 2026 08:19 am IST,  Updated : Jun 12, 2026 08:20 am IST

दिल्ली में विदेशी ड्रग रैकेट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रेड के दौरान अफ्रीकी महिला स्टेला पियस ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। उसके कमरे से पुलिस को बड़ी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप, संदिग्ध कच्चे माल से भरी बोरियां मिलीं।

दिल्ली पुलिस- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस Image Source : PTI (FILE PHOTO)

दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (ANS) की छापेमारी के दौरान एक अफ्रीकी महिला की चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी से कूदने से मौत हो गई।  एंटी नारकोटिक्स अभियान के दौरान पुलिस ने परिसर में संदिग्ध मेथमफेटामाइन निर्माण और कच्चे माल के भंडारण के केंद्र का भी पता लगाया।

30 ग्राम MDMA और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद

दरअसल, बुराड़ी थाने में दर्ज NDPS एक्ट के एक मामले की जांच में ANS की टीम स्वरूप नगर की एक बिल्डिंग में पहुंची थी। वहां फ्लैट में छापेमारी के दौरान रोमियो उर्फ स्काई को गिरफ्तार किया गया। जब उसके घर की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। उसके कब्जे से करीब 30 ग्राम MDMA और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस को देखते ही बालकनी से कूद गई महिला

उसी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर दो अलग-अलग फ्लैटों में दो अफ्रीकी नागरिक रह रहे थे। एक फ्लैट में रहने वाली स्टेला पियस नाम की महिला ने पुलिस टीम को देखकर बालकनी से छलांग लगा दी। लहुलूहान हालत में स्टेला को बुराड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सामने वाले फ्लैट में रहने वाले अफ्रीकी नागरिक मार्टिन आरोन को हिरासत में लिया गया। उसके पास से एक चाबी बरामद हुई, जिससे स्टेला के फ्लैट का एक बंद कमरा खोला गया।

बंद कमरे से क्या-क्या मिला?

कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप, संदिग्ध कच्चे माल से भरी बोरियां और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें मिलीं। शुरुआती जांच में यह कमरा मेथ (Meth) ड्रग बनाने और कच्चा माल रखने की फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल होता मिला। इस पूरे मामले में NDPS एक्ट के तहत आगे की जांच ANS/North कर रही है। विदेशी महिला की मौत के संबंध में इनक्वेस्ट (मृत्यु जांच) की कार्रवाई स्वरूप नगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। 

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस इंटरनेशनल ड्रग्स रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

यह भी पढ़ें-

बैंकॉक से गांजा ला रही मॉडल को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 11 करोड़ रुपयों की नशीले पदार्थ भी बरामद

मुंबई में महिला कैब ड्राइवर से शुरू हुई जांच गुजरात तक पहुंची, ड्रग्स केस में पुलिस को जो मिला वो चौंका देगा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।