1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. इंडिया अलायंस से बाहर होगी कांग्रेस? नाराज AAP के नेता गठबंधन के अन्य दलों से करेंगे बात

इंडिया अलायंस से बाहर होगी कांग्रेस? नाराज AAP के नेता गठबंधन के अन्य दलों से करेंगे बात

 Reported By: Bhaskar Mishra Edited By: Niraj Kumar
 Published : Dec 26, 2024 12:16 pm IST,  Updated : Dec 26, 2024 01:20 pm IST

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की घोषणा में अब कुछ दिन ही बाकी रह गए हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच तनातनी काफी बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक

राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल Image Source : FILE

नई दिल्ली:  जैसे-जैसे दिल्ली विधानसभा चुनाव का वक्त नजदीक आ रहा है आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच तनातनी बढ़ती जा रही है। दिल्ली में दोनों पार्टियों के अलग अलग चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करने में ही जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक आप इसके लिए गठबंधन में शामिल दूसरे दलों से बात करेगी।

दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज

दरअसल कांग्रेस ने कल ही आम आदमी पार्टी के खिलाफ चार्जशीट और व्हाइट पेपर जारी किया था। साथ ही यूथ कांग्रेस ने केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस नेताओं के इसी एक्शन से आप नाराज हैं।आप नेताओं को लग रहा है कि कांग्रेस दिल्ली में बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रही है। 

जनता को गुमराह करने का आरोप 

बुधवार को दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल पर बुधवार को ''झूठी" योजनाओं के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और यहां संसद मार्ग थाने में एक शिकायत दी। दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने संसद मार्ग थाने में दी शिकायत में आग्रह किया कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और लोगों को गुमराह करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की जाए। 

लाकड़ा ने कहा, "केजरीवाल अपनी झूठी और धोखाधड़ी वाली योजनाओं के माध्यम से दिल्ली के निवासियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। यह दिल्ली के लोगों के साथ धोखाधड़ी का स्पष्ट मामला है जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। " 

चुनावों से पहले एक नया विवाद 

बता दें कि दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को सार्वजनिक नोटिस जारी कर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की महिलाओं को 2,100 रुपये और बुजुर्गों को मुफ्त इलाज देने की योजनाओं से खुद को अलग कर लिया, जिससे विधानसभा चुनावों से पहले एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दोनों विभागों ने लोगों को आगाह किया कि ‘‘अस्तित्वहीन’’ योजनाओं में पंजीकरण के नाम पर किसी से भी व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें और कहा कि किसी भी निजी व्यक्ति या राजनीतिक दल द्वारा इस तरह के फॉर्म भरवाना या जानकारी एकत्र किया जाना ‘‘धोखाधड़ी’’ है। 

आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह देने के लिए बजट 2024-25 में महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में वादा किया कि अगर ‘आम आदमी पार्टी’ सत्ता में वापस आती है तो यह राशि बढ़ाकर 2100 रुपये प्रति महिला की जाएगी। केजरीवाल द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज के लिए ‘‘संजीवनी योजना’’ की घोषणा की गई है। (इनपुट-भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।