दिल्ली में बीजेपी का 27 साल का वनवास खत्म होने जा रहा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे थोड़ी देर में पूरी तरह से साफ हो जाएंगे। रुझानों में निर्णायक बढ़त मिलते ही राजधानी स्थित भाजपा के मुख्यालय में समर्थकों ने जश्न की शुरुआत कर दी है। रुझानों में बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम बीजेपी मुख्यालय जाएंगे और 5.30 बजे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
'जारी रहेगी परंपरा'
भाजपा सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री शाम 5.30 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। एक सूत्र ने कहा, ‘‘परंपरा जारी रहेगी।’’ विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद आम तौर पर प्रधानमंत्री भाजपा मुख्यालय पहुंचते रहे हैं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते रहे हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भी उन्होंने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था।
जश्न में डूबे बीजेपी कार्यकर्ता
वहीं, रुझान सामने आने के बाद बीजेपी समर्थकों ने ढोल बजाकर नृत्य किया और पार्टी के झंडे लहराए। भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के ‘कटआउट’ पकड़े हुए समर्थकों ने एक-दूसरे को भगवा रंग भी लगाया। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली की 70 सीट में से भाजपा 47 पर बढ़त बनाए हुए है जबकि आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार 23 सीट पर आगे हैं।

शुरुआती रुझानों में भाजपा को महत्वपूर्ण बढ़त मिलती दिखने के बाद, पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने विश्वास जताया कि भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा और इस बारे में फैसला केंद्रीय नेतृत्व लेगा। उन्होंने कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद कहा, ‘‘अब तक के नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं, लेकिन हम अंतिम परिणाम का इंतजार करेंगे।’’ भाजपा पिछले 27 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर है।
जश्न मना रहे बीजेपी कार्यकर्ता।

AAP को बहुत बड़ा झटका
वहीं, आपको बता दें कि दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया चुनाव हार गए हैं। केजरीवाल को नई दिल्ली सीट पर बीजेपी प्रवेश वर्मा ने हराया है। वहीं, मनीष सिसोदिया को जंगपुरा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवाह ने पटखनी दी है।