1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. गैंगस्टर नीरज बवाना का हाल देखिए, सफेद शर्ट-नीली जींस पहनकर लंगड़ाते हुए पैरोल पर जेल से आया बाहर

गैंगस्टर नीरज बवाना का हाल देखिए, सफेद शर्ट-नीली जींस पहनकर लंगड़ाते हुए पैरोल पर जेल से आया बाहर

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 01, 2025 11:47 am IST,  Updated : Jul 01, 2025 11:49 am IST

कुख्यात अपराधी नीरज बवाना को एक दिन की कस्टडी पैरोल मिली है। उस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं ऐसे में हाई कोर्ट के फैसले के बाद दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है।

neeraj bawan- India TV Hindi
जेल से बाहर आया नीरज बवाना। Image Source : X- ANI

दिल्ली-एनसीआर का कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना आज तिहाड़ जेल से बाहर आया है। नीरज बवाना को दिल्ली हाई कोर्ट से एक दिन की कस्टडी पैरोल मिली है। उसे भारी सुरक्षा के बीच जेल से बाहर लाया गया है। नीली जींस और सफेद शर्ट पहने नीरज बवाना के जेल से बाहर निकलने का वीडियो सामने आया है जिसमें वह लंगड़ाते हुए चल रहा है। दिल्ली पुलिस की टीम गैंगस्टर नीरज बवाना को अस्पताल लेकर पहुंची है, वहां वो अपनी पत्नी से मुलाकात करेगा।

दरअसल, गैंगस्टर की पत्नी का इलाज चल रहा है। हाई कोर्ट ने उसे 6 घंटे की कस्टडी पैरोल दी है जिससे वो अपनी बीमार पत्नी से एक बार मुलाकात कर सके। नीरज बवाना की पत्नी के ब्रेन मे नर्व ब्लॉकेज है और वह पांडव नगर के एक अस्पताल में ICU में भर्ती है।

देखें वीडियो-

इन शर्तों के साथ मिली पैरोल-

बता दें कि हाई कोर्ट ने यह भी साफ निर्देश दिए हैं कि कस्टडी पैरोल के दौरान नीरज केवल अपनी पत्नी और डॉक्टर से ही मिल सकेगा। किसी अन्य व्यक्ति से मिलने की उसे इजाजत नहीं होगी। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में साफ कहा है कि नीरज बवाना को दिल्ली पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच में ले जाया जाएगा जहां वह अपनी बीमार पत्नी से मुलाकात करेगा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की निगरानी में ही उसे घर ले जाया जाएगा और वापस जेल लाया जाएगा।

कौन है नीरज बवाना?

दिल्ली के बड़े गैंगस्टरों में से एक नीरज बवाना राजधानी में खौफ का दूसरा नाम माना जाता है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने की धमकी देनेवाला गैंगस्टर नीरज बवाना पिछले कई सालों से दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उसके गैंग में कई शूटर हैं जबकि 100 से ज्यादा बदमाश प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर जुड़े हुए हैं। बता दें कि नीरज बवाना गैंग ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने की धमकी दी थी। सोशल मीडिया पर नीरज बवाना के फेसबुक प्रोफाइल से एक पोस्ट किया गया, जिसमें कहा गया था कि सिद्धू मूसेवाला उसका भाई था और अब वह दो दिनों में उसकी हत्या का बदला लेगा।

पहलवान सागर धनकड़ की हत्या में भी उछला था नाम 

नीरज बवाना का नाम अपराध की दुनिया में नया नहीं है। 2021 में जब पहलवान सागर धनकड़ की हत्या हुई थी, उस मामले में भी नीरज बवाना का नाम सामने आया था। इस केस में पहलवान और ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार को जेल जाना पड़ा था। कहा जाता है कि पहलवान सुशील के साथ मिलकर नीरज बवाना के गुर्गों ने भी सागर धनकड़, सोनू महाल और अमित को पीटा था। जिसके बाद सागर धनकड़ की मौत हो गई थी। 

17 साल पहले जुर्म की दुनिया में रखा कदम

नीरज बवाना का जन्म दिल्ली के बवाना गांव में हुआ था। करीब 17 साल पहले वह जुर्म की दुनिया में आया। शुरुआत में मारपीट, छीना-झपटी की वारदात में शामिल रहा और फिर धीरे-धीरे वह बड़े-बड़े वारदात को अंजाम देने लगा। अपराध की बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के साथ ही उसका इलाका भी फैलता चला गया। वह दिल्ली के अलावा हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों में अपराध की वारदातों को अंजाम देने लगा। हत्या, जबरन वसूली समेत कई अपराध वह संगठित तौर पर करने लगा। नीरज बवाना और लॉरेंस बिश्नोई एक-दूसरे के जानी-दुश्मन हैं और गैंगवार में दोनों ही पक्षों के कई लोग मारे जा चुके हैं। लॉरेंस बिश्नोई भी जेल में बंद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।