1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के कई इलाकों में आज हो सकती है पानी की समस्या. जल बोर्ड ने बताई इसकी वजह

दिल्ली के कई इलाकों में आज हो सकती है पानी की समस्या. जल बोर्ड ने बताई इसकी वजह

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Jan 01, 2024 03:16 pm IST,  Updated : Jan 01, 2024 03:16 pm IST

दिल्ली के कई इलाकों में पीने के पानी की समस्या हो रही है। जल बोर्ड ने कहा है कि यमुना में अमोनिया के पाए जाने के बाद इसकी जांच की जा रही है।

delhi water crisis- India TV Hindi
दिल्ली में पीने के पानी की समस्या Image Source : FILE PHOTO

यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से दिल्ली के कई हिस्से में जल आपूर्ति बाधित है। पिछले लगभग एक पखवाड़े से यह समस्या है। बीच-बीच में स्थिति ठीक हो रही है, लेकिन शनिवार से परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। यमुना के वजीराबाद जलाशय में अमोनिया का स्तर 3.2 पीपीएम (पार्टस प्रति मिलियन) से अधिक हो गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने ये जानकारी दी है। कहा जा रहा है कि राजधानी में यमुना में फिर से अमोनिया का स्तर अधिक होने से दिल्ली वासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

इसको लेकर गुरुवार को दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि यमुना में अमोनिया का स्तर अधिक होने के कारण पिछले कुछ दिनों में पूरी दिल्ली में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। यह समस्या बार-बार आने वाली है। जल मंत्री आतिशी ने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड को मार्च में वजीराबाद में अमोनिया ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के निर्देश दिए। 6 महीने के अंदर काम खत्म करना था, लेकिन लगातार फॉलोअप के बावजूद डीजेबी ने परियोजना शुरू नहीं की है।

उन्होंने लिखा कि सीएम केजरीवाल ने मुख्य सचिव को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि इस परियोजना के लिए निविदा 15 जनवरी तक जारी की जाए और वह व्यक्तिगत रूप से इस परियोजना के त्वरित कार्यान्वयन की निगरानी करेंगे। उन्होंने आगे लिखा कि यह इसलिए जरूरी है, ताकि दिल्ली के लोगों को बार-बार होने वाली इस समस्या से परेशानी न उठानी पड़े।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।