1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली शराब घोटाला: तेलंगाना के सीएम की बेटी से 6 घंटे से ज्यादा पूछताछ, कविता के आवास पर पहुंची थी CBI

दिल्ली शराब घोटाला: तेलंगाना के सीएम की बेटी से 6 घंटे से ज्यादा पूछताछ, कविता के आवास पर पहुंची थी CBI

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Dec 11, 2022 07:02 pm IST,  Updated : Dec 11, 2022 07:02 pm IST

Delhi Liquor Policy: सीबीआई अधिकारियों के आने से पहले कविता ने अपने समर्थकों, बीआरएस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इकट्ठा न होने का अनुरोध किया था। भीड़ इकट्ठा न हो, इसके लिए बेरिकेड्स लगाए गए थे।

बीआरएस की एमएलसी के. कविता - India TV Hindi
बीआरएस की एमएलसी के. कविता Image Source : FILE PHOTO

Delhi Liquor Policy: सीबीआई ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता से हैदराबाद में उनके आवास पर पूछताछ की। पूछताछ छह घंटे पहले शुरू हुई थी, जो खबर लिखे जाने तक जारी थी। सीबीआई अधिकारियों की एक टीम भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के बंजारा हिल्स स्थित आवास पर उनका बयान दर्ज कर रही थी।

सुबह करीब 11 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीआई अधिकारी दो वाहनों में उनके आवास पर पहुंचे और तब से पूछताछ जारी है। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान लंच ब्रेक भी था। सीबीआई अधिकारियों के आने से पहले कविता ने अपने समर्थकों, बीआरएस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इकट्ठा न होने का अनुरोध किया था। भीड़ इकट्ठा न हो, इसके लिए बेरिकेड्स लगाए गए थे। बीआरएस सूत्रों ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि एक सभा को सीबीआई जांच में बाधा पैदा करने के प्रयास के रूप में देखा जा सकता है।

CBI ने नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा था

सीबीआई ने कविता को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 160 के तहत नोटिस देकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। सीबीआई ने अपने नोटिस में जिक्र किया था कि 2021-22 के लिए दिल्ली की आबकारी नीति से संबंधित आरोपों के संबंध में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 14 अन्य के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय में निदेशक प्रवीण कुमार राय से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। सीबीआई के नोटिस में कहा गया, "मामले की जांच के दौरान कुछ तथ्य सामने आए हैं, जिनसे आप परिचित हो सकती हैं, इसलिए ऐसे तथ्यों पर आपका बयान जरूरी है।" 

रिमांड रिपोर्ट में कविता का नाम सामने आया

दिल्ली शराब नीति घोटाले में कारोबारी अमित अरोड़ा को रिमांड पर लेने के लिए बुधवार को दिल्ली की एक अदालत में ईडी की ओर से 30 नवंबर को दाखिल रिमांड रिपोर्ट में कविता का नाम सामने आया था। रिमांड रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुके कारोबारी विजय नायर ने आप नेताओं की ओर से सरथ रेड्डी, कविता और मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी की ओर से नियंत्रित 'साउथ ग्रुप' नामक एक समूह से 100 करोड़ रुपये की रिश्वत प्राप्त की। अरबिंदो फार्मा के निर्देशकों में से एक सरथ रेड्डी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। श्रीनिवासुलु रेड्डी आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) से संबंधित सांसद हैं।

मेरा नाम किसी भी तरह से शामिल नहीं: कविता

कविता ने 6 दिसंबर को उनसे मिलने के सीबीआई के अनुरोध पर सहमति जताई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने एजेंसी को एक पत्र लिखकर केंद्रीय गृह मंत्रालय से शिकायत की कॉपी और एफआईआर मांगी थी। जवाब में सीबीआई ने उन्हें बताया कि एफआईआर और शिकायत की कॉपी वेबसाइट पर उपलब्ध है। कविता ने 5 दिसंबर को अपने जवाब में केंद्रीय एजेंसी को बताया कि उसने एफआईआर और आरोपी व्यक्तियों की सूची और शिकायत के कंटेट्स को ध्यान से देखा है और पाया कि उसका नाम किसी भी तरह से शामिल नहीं है।

उन्होंने केंद्रीय एजेंसी को बताया कि वह 6 दिसंबर को उनसे मिलने की स्थिति में नहीं हैं और वैकल्पिक तारीखों का प्रस्ताव दिया। सीबीआई ने 6 दिसंबर को कविता को सूचित किया कि एक टीम 11 दिसंबर को हैदराबाद में उनके निवास का दौरा करेगी और मामले की जांच के संबंध में उनकी पूछताछ और बयान दर्ज करेगी। केंद्रीय एजेंसी ने उनसे उक्त तिथि और समय पर उपलब्धता की पुष्टि करने को कहा। कविता ने उसी दिन अपनी उपलब्धता की पुष्टि करते हुए जवाब भेजा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।