1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में आज रहा मौसम का सबसे ठंडा दिन, एयर क्वालिटी 'बेहद खराब'

दिल्ली में आज रहा मौसम का सबसे ठंडा दिन, एयर क्वालिटी 'बेहद खराब'

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Nov 17, 2025 01:48 pm IST,  Updated : Nov 17, 2025 01:48 pm IST

राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इसके अलावा यहां की एयर क्वालिटी भी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

दिल्ली की एयर क्वालिटी 'बेहद खराब'।- India TV Hindi
दिल्ली की एयर क्वालिटी 'बेहद खराब'। Image Source : PTI

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की एयर क्वालिटी लगातार खराब होती जा रही है। सोमवार को पूरे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 356 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और IMD ने यह जानकारी दी। इसके अलावा भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। 

सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप के आंकड़ों से पता चला है कि दिल्ली के पांच निगरानी केंद्रों ने वायु गुणवत्ता को ‘गंभीर’ श्रेणी में बताया है, जबकि 29 केंद्रों ने 300 से 400 के बीच आंकड़े के साथ एक्यूआई ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की। वहीं चार केंद्रों ने एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की। 

बवाना की एयर क्वालिटी सबसे ज्यादा खराब

राजधानी के 38 एक्यूआई निगरानी केंद्रों में से बवाना ने 419 AQI के साथ सबसे अधिक प्रदूषण स्तर दर्ज किया। ‘गंभीर’ श्रेणी के अन्य क्षेत्रों में नरेला (405), जहांगीरपुरी (404), वजीरपुर (402) और रोहिणी (401) शामिल हैं। सीपीसीबी मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। 

मौसम का सबसे ठंडा दिन

दिल्ली के तापमान को लेकर IMD ने कहा कि न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम था और सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 92 प्रतिशत था। राजधानी दिल्ली में आसमान अधिकतर साफ रहेगा। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। 

हाल के वर्षों की बात करें तो इससे कम न्यूनतम तापमान 29 नवंबर, 2022 को 7.3 डिग्री दर्ज किया गया था। 2023 में नवंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और 2024 में 9.5 डिग्री दर्ज किया गया था। 

यह भी पढ़ें-

खलिस्तान समर्थक गुट ने ली RSS नेता के बेटे पर हमले की जिम्मेदारी, गोली मारकर की गई थी हत्या

नीतीश कुमार ने राज्यपाल से की मुलाकात, 19 नवंबर को भंग होगी विधानसभा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।