देश की राजधानी में होली के मौके पर दिल्ली यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद दिखी। बुधवार को मनाए गए होली उत्सव के दौरान चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 1,204 वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों में सबसे बड़ी संख्या पश्चिमी क्षेत्र से सामने आई है। यातायात पुलिस ने दिल्ली को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर गहन चेकिंग अभियान चलाया था। आंकड़ों के अनुसार, नशे में गाड़ी चलाने के मामलों का क्षेत्रीय वितरण इस प्रकार रहा-
-
पश्चिमी क्षेत्र- 297 (सर्वाधिक)
-
मध्य क्षेत्र- 257
- उत्तरी क्षेत्र- 256
-
पूर्वी क्षेत्र- 208
-
दक्षिणी क्षेत्र- 117
-
नई दिल्ली क्षेत्र- 069 (सबसे कम)
कुल 3,700 से अधिक चालान कटे
पुलिस ने केवल शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर ही नहीं, बल्कि अन्य यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 3,725 चालान जारी किए गए। इनमें मुख्य रूप से उल्लंघन शामिल थे-
- बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना।
- एक बाइक पर तीन लोगों की सवारी (ट्रिपल राइडिंग)।
- सीट बेल्ट का प्रयोग न करना।
- खतरनाक तरीके से वाहन चलाना।
होली के मौके पर अकेले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में 700 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया था। साथ ही, दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की गई थी। सीसीटीवी, ड्रोन के जरिए भी इलाके में नजर रखी गई, ताकि कानून का उल्लंघन करने वालों और हुड़दंग मचाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढ़ें-
"नीतीश कुमार ने ये पोस्ट नहीं किया", बिहार CM के राज्यसभा जाने के ऐलान पर RJD का बयान
हमने पहले ही कहा था कि नीतीश CM नहीं रहेंगे, हमारी सहानुभूति है: तेजस्वी यादव