1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. खौफनाक: दिल्ली में मोबाइल छीनने का विरोध करने पर युवक को घोंप दिया चाकू, अस्पताल में मौत

खौफनाक: दिल्ली में मोबाइल छीनने का विरोध करने पर युवक को घोंप दिया चाकू, अस्पताल में मौत

 Published : Dec 09, 2025 04:03 pm IST,  Updated : Dec 09, 2025 04:21 pm IST

उत्तरी दिल्ली में एक बड़ी ही खौफनाक वारदात सामने आई है। मोबाइल छीनने का विरोध करने पर आरोपियों ने युवक को चाकू घोंप दिया जिसके बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

delhi crime murder mobile snatching- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS

राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन दिल्ली में हत्या समेत कई आपराधिक वारदातों की खबरें सामने आती रहती हैं। ताजा मामला उत्तरी दिल्ली से सामने आया है जहां पर एक युवक को मोबाइल छीनने का विरोध करना भारी पड़ गया। मोबाइल छीनने का विरोध करने पर युवक को चाकू घोंप दिया गया जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। पुलिस की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, इस मामले में उन्होंने दो नाबालिगों सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरी घटना बीते  30 नवंबर और एक दिसंबर की दरम्यानी रात को सामने आई थी। 18 साल का पीड़ित आर्यन की स्वामी नारायण मार्ग पर मिला था। जानकारी के मुताबिक, उसे अस्पताल ले जाया गया जहां 2 दिसंबर को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले इस मामले में BNS की धारा 118(1) (खतरनाक हथियारों या साधनों से जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत केस दर्ज किया था। हालांकि, युवक की मौत के बाद पुलिस ने इसे धारा 103(1) (हत्या) में बदल दिया। 

आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस?

उत्तरी दिल्ली में घटी इस वारदात का कोई भी प्रत्यक्षदर्शी नहीं थी। इसलिए पुलिस ने इलाके के 150 से भी ज्यादा सीसीटीवी को खंगाला। इस प्रक्रिया के दौरान 4 संदिग्धों को शास्त्री नगर की ओर भागते हुए देखा गया था। पुलिस ने जब मामले की जांच की तो लगा कि 4 संदिग्धों में से 2 ने  30 नवंबर की रात को कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन के पास से एक स्कूटर की चोरी की थी। इसके बाद उन्होंने 1 दिसंबर की तारीख को शास्त्री नगर में झपटमारी की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों में से एक रोशन नाम के युवक को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही के अनुसार चोरी के स्कूटर को बरामद किया।

हत्या का खौफनाक खुलासा

जब पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी रोशन से पूछताछ की तो उसने ये इस बात को कबूल कर लिया कि उसने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर आर्यन का मोबाइल छीनने की कोशिश की थी और उसे चाकू मार दिया था। पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए थे और बाद में उसी इलाके में चोरी और झपटमारी भी की। आरोपी ने बताया है कि उसने अपराध में इस्तेमाल किए गए चाकू को 400 रुपये में खरीदा था। पुलिस ने इस हथियार को बरामद कर लिया है और आरोप के बयान के अनुसार, सह-आरोपी जीतू (19 साल) और 14 व 15 साल के दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, ये सभी आरोपी  बीच में ही स्कूल छोड़ चुके थे और नशे के भी आदी हैं। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- गोवा नाइट क्लब के भगोड़े मालिक लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ जारी हो सकता है ब्लू कॉर्नर नोटिस, तीसरे पार्टनर की तलाश तेज

दिल्ली: भजन संध्या में पथराव-कांच के ग्लास से हमला, महिला गंभीर रूप से घायल, मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों पर आरोप

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।