1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्लीवालों को 'माई एमसीडी ऐप' के जरिए घर बैठे मिलेगी सर्विस, पेपरलेस होगी MCD, जानें क्या है बीजेपी का प्लान

दिल्लीवालों को 'माई एमसीडी ऐप' के जरिए घर बैठे मिलेगी सर्विस, पेपरलेस होगी MCD, जानें क्या है बीजेपी का प्लान

 Reported By: Sanjay Sah @sanjaysah_india
 Published : Nov 18, 2022 07:06 pm IST,  Updated : Nov 18, 2022 07:48 pm IST

दिल्ली नगर निगम चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने एक बड़ा ऐलान किया है। दिल्ली बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं निगम चुनाव मेनिफेस्टो समिति के संयोजक सतीश उपाध्याय ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एमसीडी को पेपरलेस बनाने का प्लान पेश किया।

सतीश उपाध्याय, बीजेपी नेता- India TV Hindi
सतीश उपाध्याय, बीजेपी नेता Image Source : INDIA TV

नयी दिल्ली : दिल्ली बीजेपी ने नगर निगम को पेपरलेस बनाने के लिए अहम घोषणा की है। दिल्ली बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं निगम चुनाव मेनिफेस्टो समिति के संयोजक सतीश उपाध्याय ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा 31 मार्च 2023 तक दिल्ली नगर निगम का एक फोन ऐप बनाएगी और उसके माध्यम से निगम की सभी सेवाएं जनता के लिए सुलभता से घर बैठे उपलब्ध कराएगी।निगम के ऐप को 'माई एमसीडी ऐप' के नाम से जाना जाएगा

61 हजार से ज्यादा लोगों ने भेजे सुझाव

सतीश उपाध्याय ने दिल्ली की जनता के प्रति बीजेपी के एक और संकल्प बिंदु को जारी किया। बता दें कि कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के झुग्गीवालों के लिए एक विशेष वचन पत्र जारी किया था। सतीश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा विभिन्न माध्यमों से लोगों के बीच जाकर मेनिफेस्टो के लिए सुझाव एकत्र कर रही है, हमने आरडब्ल्यूए, व्यापारिक एवं उद्योगिक संगठनों, युवाओं एवं महिलाओं से जुड़े ग्रुप्स के अलावा ग्रामिणों, स्वरोजगारी लोगों, निगम कर्मियों आदि से सीधा संवाद किया है तो वहीं अकेले पार्टी द्वारा जारी वेबसाइट एवं वाट्सएप्प नंबर के माध्यम से हमें अब तक दिल्ली के 61,000 से अधिक लोगों ने सुझाव भेजे हैं।

सबकी दिल्ली, सबके सुझाव

उन्होंने बताया कि लोगों के बीच 'सबकी दिल्ली सबके सुझाव' की भाजपा की थीम बहुत ही लोकप्रिय हो रही है। इस कार्य में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं पदाधिकारियों, विधायकों के अलावा मेनिफेस्टो कमेटी के वरिष्ठ सदस्य रामवीर सिंह बिधूड़ी, विजेन्द्र गुप्ता, अभय वर्मा के साथ ही हर्ष मल्होत्रा, रेखा गुप्ता, संदीप कपूर, प्रवीण शंकर कपूर एवं राघव अवस्थी अलग-अलग संस्थाओं और लोगों से बात कर रहे हैं। 

 निगम की सभी सेवाएं डिजिटल होंगी

सतीश उपाध्याय ने कहा कि जनता से मिले सुझावों और पार्टी नेतृत्व से हुई चर्चा के बाद हमने एक निर्णय लिया है कि जनता के प्रेम और आशीर्वाद के बल पर भाजपा पुनः निगम में सेवा का अवसर प्राप्त करके अपने सबसे पहले निर्णय के रूप में निगम को पेपरलेस बनाएगी, निगम की सभी सेवाओं को बेहतर तरीके से डिजीटल करेंगे।

31 मार्च 2023 तक 'माई एमसीडी ऐप'

उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2023 तक हम दिल्ली नगर निगम का एक फोन ऐप बनाएंगे और उसके माध्यम से निगम की सभी सेवाएं जनता के लिए सुलभता से घर बैठे उपलब्ध कराएंगे। ऐप को 'माई एमसीडी ऐप' के नाम से जाना जाएगा। इसके परिणामस्वरुप आम आदमी को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए निगम के दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।पत्रकार वार्ता में पार्टी प्रवक्ता एवं मेनिफेस्टो समिति सदस्य प्रवीण शंकर कपूर और प्रदेश भाजपा मीडिया रिलेशन सह-प्रमुख विक्रम मित्तल भी उपस्थित थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।