1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. राजधानी दिल्ली में बड़ी वारदात, अस्पताल में घुसकर डॉक्टर को गोली मारी, मौत

राजधानी दिल्ली में बड़ी वारदात, अस्पताल में घुसकर डॉक्टर को गोली मारी, मौत

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Niraj Kumar
 Published : Oct 03, 2024 08:07 am IST,  Updated : Oct 03, 2024 01:47 pm IST

राजधानी दिल्ली के कालिंदी कुंज थानाक्षेत्र में एक अस्पताल में घुसकर डॉक्टर की हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कालिंदी कुंज पुलिस थाना अंतर्गत जैतपुर में एक अस्पताल में घुसकर डॉक्टर की हत्या कर दी गई। यह घटना जैतपुर के नीमा अस्पताल में हुई है। इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। अस्पताल के कर्मचारियों के मुताबिक दो लोग घायल अवस्था में अस्पताल आए थे। इन लोगों ने ड्रेसिंग के बाद डॉक्टर से मिलने की इच्छा जाहिर की और डॉक्टर के केबिन में दाखिल हो गए। केबिन में घुसते ही इन बदमाशों ने डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी।

आरोपियों की तलाश

जानकारी के मुताबिक मृतक डॉक्टर का नाम जावेद अखतर बताया जा रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

एक बजकर 45 मिनट पर गोली मारी

आरोपियों ने यूनानी डॉक्टर (बीयूएमएस) जावेद अख्तर को देर रात करीब एक बजकर 45 मिनट पर गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, अख्तर को एक कुर्सी पर पड़ा हुआ पाया गया और उनके सिर से खून बह रहा था। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि इस घटना में लगभग 16 साल के दो लड़के शामिल थे, जो रात करीब एक बजे तीन बिस्तरों वाले नीमा अस्पताल में ड्रेसिंग के लिए आए थे। उनमें से एक के पैर के अंगूठे पर पट्टी बंधी थी और वह एक दिन पहले भी अस्पताल गया था। ड्रेसिंग के बाद दोनों लड़के अख्तर के केबिन में चले गए। 

नर्सिंग कर्मचारियों ने गोली चलने की सुनी आवाज

कुछ समय बाद रात्रिकालीन नर्सिंग कर्मचारी गजाला परवीन और मोहम्मद कामिल ने गोली चलने की आवाज सुनी। परवीन केबिन की ओर दौड़ी और अख्तर को खून से लथपथ हालत में कुर्सी पर बैठा पाया। अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया, यह बिना उकसावे के निशाना बनाकर हत्या किए जाने का मामला प्रतीत होता है और घटना को अंजाम देने के लिए पूर्व में टोह भी ली गई थी। पुलिस अस्पताल के रिसेप्शन, ड्रेसिंग रूम और गैलरी के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।