1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, बदमाशों ने शख्स के भतीजे की ले ली जान

लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, बदमाशों ने शख्स के भतीजे की ले ली जान

 Reported By: Abhay Parashar, Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 16, 2024 11:44 am IST,  Updated : Nov 16, 2024 01:43 pm IST

राजधानी दिल्ली में छेड़छाड़ का विरोध करने से नाराज युवकों ने शख्स के भतीजे की हत्या कर दी। मामला दिल्ली के नंद नगरी इलाके का बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर की हत्या।- India TV Hindi
लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर की हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

दिल्ली के नंद नगरी इलाके में हत्या की वारदात सामने आई है। हत्या की वजह के बारे में बताया जा रहा है कि युवक ने एक लड़की से छेड़छाड़ किए जाने का विरोध किया था, जिसके बाद उसके भतीजे की हत्या कर दी गई। पूरी घटना शुक्रवार की रात करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को इस बारे में सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि दो बदमाशों ने युवक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

शख्स ने छेड़छाड़ का किया था विरोध

दरअसल, किशन कुमार नाम के एक युवक ने दो युवकों को लड़की के साथ छेड़छाड़ करने पर मना किया था। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उसके भतीजे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद किशन कुमार ने पुलिस को कॉल करके इसकी जानकारी दी। किशन ने पुलिस को बताया कि सलमान और अरबाज नाम के दो लड़के एक लड़की को परेशान कर रहे थे। इसके बाद उसने दोनों भाइयों को डांटा और वहां से जाने को कहा। इस घटना के आधे घंटे बाद किशन कुमार को पता चला कि लड़की से छेड़छाड़ करने वाले दोनों भाई, उसके भतीजे मनीष ऊर्फ राहुल से लड़ रहे हैं।

आरोपियों ने भतीजे पर किया हमला

किशन कुमार जब घटनास्थल पर पहुंचा तो देखा कि अरबाज ने मनीष को पकड़ रखा था और सलमान ने उसकी गर्दन में तेज धार वाले हथियार से हमला किया। धारदार हथियार से हमला करने की वजह से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाद में मनीष की मौत हो गई। वहीं घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा हमले में प्रयुक्त हथियार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना देने वाला किशन कुमार केबल ऑपरेटर है।

यह भी पढ़ें- 

दिल्ली में भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर 20 राउंड फायरिंग, एक कर्मी को लगी गोली; CCTV में कैद हुई घटना

बदमाशों ने मोमोज बेचने वाले युवक पर फेंका फेविक्विक, आंख और मुंह चिपके; तलाश में जुटी पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।