1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. ट्रैफिक पुलिस ने देर रात रोकी पूर्व मेजर की गाड़ी, फैमिली के साथ बदतमीजी करने का आरोप, पत्नी और बेटियां भी थीं कार में

ट्रैफिक पुलिस ने देर रात रोकी पूर्व मेजर की गाड़ी, फैमिली के साथ बदतमीजी करने का आरोप, पत्नी और बेटियां भी थीं कार में

 Published : Jun 09, 2026 12:59 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 06:36 pm IST

इंडियन आर्मी के एक पूर्व मेजर ने गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पूर्व मेजर को उनकी पत्नी और बेटियों के सामने देर रात तक सड़क पर परेशान किया गया। शराब की जांच के दौरान उनके साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि इस्तेमाल की हुई पाइप से उनका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया।

Breath Analyzer Controversy- India TV Hindi
गुरुग्राम साइबर हब मामला Image Source : STRINGER INPUT

कारगिल और कश्मीर जैसी दुर्गम जगहों पर देश की सेवा कर चुके भारतीय सेना के एक पूर्व मेजर ने गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस पर बेहद गंभीर और संगीन आरोप लगाए हैं। आरोप है कि शराब की जांच के दौरान उनके साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि इस्तेमाल की हुई गंदी पाइप से उनका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया।  यह पूरा वाकया गुरुग्राम के मशहूर साइबर हब के पास का है। देर रात चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने कारगिल और कश्मीर में देश की रक्षा कर चुके पूर्व। 

पहली जांच में 91 MG

पूर्व सैन्य अधिकारी का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें शराब की जांच के लिए जो ब्रीथ एनालाइजर दिया, उसमें लगी पाइप पहले से इस्तेमाल की हुई और बेहद गंदी थी। जब उन्होंने इस गंदी पाइप से फूंक मारी, तो मशीन में अल्कोहल का लेवल 91 MG दिखाई दिया। पूर्व मेजर ने तुरंत इस पर आपत्ति जताई और नई, साफ पाइप से दोबारा जांच करने की मांग की। 

112 पर कॉल के बाद मौके से गायब ट्रैफिक पुलिस

हैरान करने वाली बात यह है कि जब नई पाइप लगाकर दोबारा टेस्ट किया गया, तो रीडिंग घटकर महज 13 MG रह गई, जो कि तय सीमा के अंदर है। पूर्व सैन्य अधिकारी का आरोप यहीं खत्म नहीं होता। उनका दावा है कि जब उन्होंने इस धांधली का विरोध किया और अपने फोन से वीडियो बनाने की कोशिश की, तो मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों ने उनसे उनका मोबाइल छीन लिया। इतना ही नहीं, देश के लिए जान की बाजी लगाने वाले पूर्व मेजर को उनकी पत्नी और दो बेटियों के सामने देर रात तक सड़क पर प्रताड़ित और परेशान किया गया। जब पीड़ित परिवार ने मदद के लिए आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया, तो पुलिस की पीसीआर वैन आने से पहले ही आरोपी ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके से रफूचक्कर हो गई।

एसीपी ट्रैफिक मामले की जांच करेंगे

इस पूरे मामले के बाद पूर्व सैन्य अधिकारी ने गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर से लिखित शिकायत की है। उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बॉडी वॉर्न कैमरा फुटेज और ब्रीथ एनालाइजर के डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच की जाए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। इस मामले पर अब प्रशासन भी हरकत में आ गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी ट्रैफिक ने मामले की जांच एसीपी ट्रैफिक को सौंप दी है।

बॉडी वॉर्न कैमरों की खंगाली जाएगी रिकॉर्डिंग 

पुलिस का कहना है कि ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के बॉडी वॉर्न कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला जा रहा है और अगर कोई भी दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली और आम जनता के साथ उनके व्यवहार पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

फुटेज की जांच के बाद पुलिस का दावा

पूर्व मेजर द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद गुरुग्राम पुलिस ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की समीक्षा की जा रही है। डीसीपी ट्रैफिक के मुताबिक, एक बार चालान कटने के बाद अलकोमीटर टेस्ट दोबारा बदलने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। पुलिस ने यह भी कहा कि परिवार के साथ शराब पीकर गाड़ी चलाना कई जिंदगियों को खतरे में डालने जैसा है।

रिटायर्ड मेजर के परिवार के साथ कथित बदतमीजी के वायरल वीडियो पर गुरुग्राम पुलिस ने सफाई देते हुए कहा कि संबंधित पुलिसकर्मियों के बॉडी वॉर्न कैमरा (Body Worn Camera) की फुटेज की जांच की गई है। पुलिस का दावा है कि रिकॉर्डिंग में अधिकारियों का व्यवहार पूरी तरह मर्यादित और सम्मानजनक मिला है।

पुलिस ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों ने संयम और पेशेवर तरीके से बातचीत की। डीसीपी ने स्पष्ट किया, "किसी एक व्यक्ति को बचाने के लिए गुरुग्राम पुलिस अपनी छवि खराब नहीं करेगी।" 

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों की भी  समीक्षा की जा रही है। डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर इनपुट: गोहित कौशिक

ये भी पढ़ें- कल दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की बड़ी बैठक, सभी सहयोगी दलों के नेता होंगे शामिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।