1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने दिल्ली पहुंचकर पिया यमुना का पानी, केजरीवाल ने 'जहर' मिलाने का लगाया है आरोप

हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने दिल्ली पहुंचकर पिया यमुना का पानी, केजरीवाल ने 'जहर' मिलाने का लगाया है आरोप

 Published : Jan 29, 2025 06:07 pm IST,  Updated : Jan 29, 2025 06:26 pm IST

केजरीवाल के आरोपों की हवा निकालते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के पल्ला गांव में यमुना नदी में पहुंचे और यमुना का पानी का एक घूंट भी पिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी- India TV Hindi
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी Image Source : ANI

नई दिल्लीः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को दिल्ली के पल्ला गांव के पास स्थित यमुना नदी में जाकर उसका पानी पिया। यह कदम उन्होंने ऐसे समय में उठाया जब बीजेपी, हरियाणा सरकार और आम आदमी पार्टी के बीच यमुना के जहरीले पानी को लेकर आमने-सामने हैं। दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने अभी हाल में ही आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी के पानी में जहर मिला दिया है।  

पानी की जांच में कोई जहर नहीं पाया गयाः सैनी

यमुना का पानी पीने के बाद नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज मैं यहां यमुना नदी के तट पर आया हूं और यमुना नदी का पानी पिया है। जल संसाधन प्राधिकरण ने यहां से पानी के नमूने लिए और पानी में कोई जहर नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि यमुना नदी को जहरीला कर दिया है। उन्होंने सामूहिक नरसंहार की बात कही थी। अरविंद केजरीवाल ने जीवन भर झूठ बोला है और अब वह झूठ ही बोल रहे हैं।

केजरीवाल के खिलाफ केस करेगी हरियाणा सरकार

इससे पहले हरियाणा सरकार के मंत्री विपुल गोयल ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ यमुना में "जहर" मिलाने के उनके बयान के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। सोनीपत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। गोयल ने कहा, "केजरीवाल ने दिल्ली और हरियाणा के लोगों में दहशत फैलाने वाला एक गैरजिम्मेदाराना बयान दिया है। हरियाणा सरकार उनके खिलाफ सोनीपत में सीजेएम कोर्ट में आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 2 (डी) और 54 के तहत मामला दर्ज करवाने जा रही है।

केजरीवाल और सीएम आतिशी ने लगाया था ये आरोप

बता दें कि दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि हरियाणा की बीजेपी सरकार यमुना नदी में "ज़हर मिलाकर" लोगों को मारने की कोशिश कर रही है।दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी सोमवार को आरोप लगाया था कि भाजपा "जानबूझकर दिल्ली की जल आपूर्ति बाधित कर रही है। आम आदमी पार्टी के आरोपों पर बीजेपी लगातार हमलावर है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।