1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. गुरुग्राम में भारी बारिश की चेतावनी, कॉर्पोरेट दफ्तरों के लिए एडवाइजरी- कर्मचारियों से कराएं 'वर्क फ्रॉम होम'

गुरुग्राम में भारी बारिश की चेतावनी, कॉर्पोरेट दफ्तरों के लिए एडवाइजरी- कर्मचारियों से कराएं 'वर्क फ्रॉम होम'

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 08, 2026 07:00 am IST,  Updated : Jul 08, 2026 08:21 am IST

गुरुग्राम पुलिस ने शहर के सभी कॉर्पोरेट कार्यालयों को अपने कर्मचारियों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' कराने को कहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कई इलाकों में आज दिनभर रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद जलभराव के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग गया।- India TV Hindi
गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद जलभराव के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग गया। Image Source : PTI

दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों खूब बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने आज यानी 8 जुलाई के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच, गुरुग्राम पुलिस ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने शहर के सभी कॉर्पोरेट कार्यालयों को अपने कर्मचारियों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' की व्यवस्था लागू करने की सलाह दी है।

क्यों जारी की गई एडवाइजरी?

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, भारी बारिश के कारण शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम की काफी संभावना है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनावश्यक ट्रैफिक का बोझ कम करने और ट्रैफिक मैनेजमेंट में स्थानीय प्रशासन की मदद करने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने ये एजवाइजरी जारी की है।

कई इलाकों में जलभराव की स्थिति

बता दें कि दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और भारी बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही इस बारिश के कारण दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे सुबह के समय दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। 

मौसम वैज्ञानिकों ने आज दिनभर रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है और साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। प्रशासन ने खराब मौसम और सड़कों पर पानी भरने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने और बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

गुरुग्राम में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बारिश

मौसम केंद्र चंडीगढ़ और दिल्ली आईएमडी के अनुसार, मानसून हिसार से होते हुए राजस्थान के चुरु और पंजाब के भटिंडा तक पहुंच चुका है और अगले 2 से 3 दिनों में यह पूरे हरियाणा और पंजाब को कवर कर लेगा, जिससे आने वाले तीन दिनों तक राज्य में भारी बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 80.0 मिमी और करनाल में 78.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिसके चलते गुरुग्राम का अधिकतम तापमान गिरकर 28.0°C पर पहुंच गया और यह राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जबकि सिरसा 40.8°C तापमान के साथ सबसे गर्म दर्ज किया गया। 

आज 8 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित उत्तरी और दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को धान की रोपाई जारी रखने, कपास के खेतों में जलभराव न होने देने और बाजरा-ग्वार की बुवाई फिलहाल टालने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें-

मुंबई की बाढ़ बनी बड़ा संकेत, क्लाइमेट चेंज बदल रहा भारतीय मानसून का पैटर्न, जानिए क्या बोले विशेषज्ञ?

पहाड़ टूटा और सब कुछ निगल गया! ताश के पत्तों की तरह बहा टैंकर; वायनाड लैंडस्लाइड का खौफनाक CCTV फुटेज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।