1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सिसोदिया ने केजरीवाल से अपने संबंध राम और लक्ष्मण जैसा बताया, बीजेपी बोली-नौटंकी के बादशाह

सिसोदिया ने केजरीवाल से अपने संबंध राम और लक्ष्मण जैसा बताया, बीजेपी बोली-नौटंकी के बादशाह

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Sep 22, 2024 10:32 pm IST,  Updated : Sep 23, 2024 12:10 am IST

मनीष सिसोदिया ने जंतर मंतर पर आयोजित सभा में कहा कि अरविंद केजरीवाल तानाशाही के रावण के खिलाफ राम बनकर यह लड़ाई लड़ते रहेंगे, मैं लक्ष्मण बनकर उनके साथ खड़ा रहूंगा।

अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया Image Source : PTI

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया ने रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ अपने रिश्ते को भगवान राम और लक्ष्मण जैसा बताया और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई रावण उन्हें अलग नहीं कर सकता। अब बीजेपी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि सिसोदिया नौटंकी के बादशाह हैं।

बीजेपी हमें अलग करना चाहती है-सिसोदिया

दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर केजरीवाल की पहली ‘जनता की अदालत’ रैली में सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा उन्हें अरविंद केजरीवाल से अलग करना चाहती है, लेकिन किसी भी ‘‘रावण में इतनी शक्ति नहीं है कि वह लक्ष्मण को भगवान राम से अलग कर सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब तक अरविंद केजरीवाल तानाशाही के रावण के खिलाफ राम बनकर यह लड़ाई लड़ते रहेंगे, मैं लक्ष्मण बनकर उनके साथ खड़ा रहूंगा।’’ 

सिसोदिया ने कहा कि जब तक जनता उन्हें ईमानदार नहीं मान लेती, तब तक वह दिल्ली में उपमुख्यमंत्री या शिक्षा मंत्री का पद नहीं संभालेंगे। केजरीवाल ने हाल में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते हुए कहा था कि दिल्ली की जनता से ईमानदारी का प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही दोबारा इस पद पर आसीन होंगे। 

ईडी ने मेरे बैंक खाते पर रोक लगा दी-सिसोदिया

भाजपा पर हमला करते हुए सिसोदिया ने कहा, ‘‘जब मैं पत्रकार था, मैंने 2002 में पांच लाख रुपये में एक छोटा सा मकान खरीदा था और मेरे बैंक खाते में 10 लाख रुपये थे। उन्होंने इसे जब्त कर लिया। मेरा बेटा कॉलेज में पढ़ रहा है, और मुझे उसकी फीस भरने के लिए लोगों से मदद मांगनी पड़ी, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मेरे बैंक खाते पर रोक लगा दी।’’ 

बीजेपी में शामिल होने का प्रलोभन-सिसोदिया

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि आबकारी नीति मामले में जेल जाने के बाद उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए प्रलोभन दिया गया। हालांकि, भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख ने आरोप को खारिज करते हुए इसे ‘‘हास्यास्पद’’ करार दिया। सचदेवा ने कहा, ‘‘यह आश्चर्य की बात है कि जेल से रिहा होने के डेढ़ महीने बाद उन्हें एक अच्छी तरह से गढ़ी गई कहानी के जरिए ऐसी बात कहना याद आया।’’ 

वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार करते हुए कहा कि सिसोदिया ‘‘नौटंकी के बादशाह’’ हैं और अगले महीने होने वाली रामलीला से पहले खुद को लक्ष्मण के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।