1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली शराब घोटाला केस: क्या सीएम केजरीवाल आज जेल से बाहर आएंगे? SC में है सुनवाई

दिल्ली शराब घोटाला केस: क्या सीएम केजरीवाल आज जेल से बाहर आएंगे? SC में है सुनवाई

 Reported By: Atul Bhatia, Edited By: Kajal Kumari
 Published : Sep 04, 2024 11:15 pm IST,  Updated : Sep 05, 2024 06:29 am IST

दिल्ली शराब घोटाला मामले में मनीष सिसोदिया और के कविता को जमानत मिल चुकी है। तो क्या जेल में बंद सीएम अरविंद केजरीवाल को भी सुप्रीम कोर्ट बेल दे देगा। सुनवाई गुरुवार, 5 सितंबर को है।

cm arvind kejriwal- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल को मिलेगी जमानत? Image Source : FILE

दिल्ली शराब नीति में कथित तौर पर हुए घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और बीआरएस नेता के कविता को सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है और वे जेल से बाहर आ गए हैं। अब इसी मामले में केजरीवाल की जमानत अर्जी पर गुरुवार, पांच सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने वाली है। बता दें कि ईडी के मामले में अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट पहले ही अंतरिम जमानत दे चुका है। अब अगर सीबीआई मामले में केजरीवाल को जमानत मिल जाती है तो वो जेल से बाहर आ जाएंगे। 

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की सीबीआई मामले में गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका और सीबीआई मामले मे दाखिल जमानत याचिका इन दोनों याचिकाओं पर आज यानी 5 सितंबर को होगी सुनवाई। जानकारी के मुताबिक सीबीआई मामले में गिरफ्तार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में केस की लिस्टिंग हो चुकी है जिसपर सुनवाई होगी। केजरीवाल की जमानत याचिका पर जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस सीटी रविकुमार और जस्टिस उज्जल भुईयां की बेंच सुनवाई करेगी।

दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया ये आदेश

दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को कहा कि जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक को मिलने न देने के जेल अधिकारियों के फैसले में कोई खामी नहीं है। भविष्य में केजरीवाल से मिलने की अनुमति दिये जाने के अनुरोध पर न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा ने कहा कि वह मुलाकात के लिए आवेदन करने के लिए स्वतंत्र हैं, जिस पर जेल अधीक्षक कानून के दायरे में विचार करेंगे। अदालत ने इसके साथ ही याचिका का निपटारा कर दिया।

अदालत ने पाठक और तिहाड़ जेल अधिकारियों के वकील की दलीलें सुनने के बाद 22 अगस्त को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। जेल अधिकारियों ने पाठक को अप्रैल में दो बार केजरीवाल से मिलने की अनुमति दी थी, लेकिन तीसरी बार उन्हें यह कहते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उनके (पाठक) द्वारा दिये गये कुछ बयान जेल नियमों का उल्लंघन करते हैं और ज्यादातर राजनीति से प्रेरित हैं। केजरीवाल कथित आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।