द्वारका में एक मर्सिडीज कार से जुड़े हिट एंड रन मामले में घायल हुए दूसरे व्यक्ति की बुधवार को एक अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रविवार रात को द्वारका के गणपति चौक के समीप लग्जरी कार ने दो लोगों को टक्कर मारी। 35 वर्षीय फल विक्रेता सर्वेश की उसी रात मौत हो गई जबकि उसका दोस्त इंदर (30) घायल हो गया। इंदर की बुधवार को मौत हो गई।
Related Stories
कार चला रहे 28 वर्षीय नुकुल को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि हादसे की रात को वह द्वारका के सेक्टर 24 में अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने दोस्त के साथ राज नगर, पालम कॉलोनी में अपने घर जा रहा था।
रास्ते में सेक्टर नौ में गणपति चौक पर उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिर वह क्षतिग्रस्त कार के साथ वहां से निकल गया और अपने दोस्त को रामफल चौक पर छोड़ दिया। उसने बताया कि बाद में उसने द्वारका इलाके में अपनी कार छिपा दी। अगले दिन वह गांव भाग गया। मर्सिडीज कार को अब बरामद कर लिया गया है। नुकुल विवाहित है और उसका तीन साल का बच्चा है।