1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में मंगलवार को मीट शॉप का 'शटर डाउन', BJP विधायक का दुकानदारों को फरमान सुनाते VIDEO वायरल

दिल्ली में मंगलवार को मीट शॉप का 'शटर डाउन', BJP विधायक का दुकानदारों को फरमान सुनाते VIDEO वायरल

 Published : Mar 06, 2025 03:59 pm IST,  Updated : Mar 06, 2025 04:46 pm IST

बीजेपी विधायक ने पहले मीट दुकानदारों को धमकी भरे अंदाज में दुकान बंद करने को कहा। फिर इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। उन्होंने ट्वीट कर मंगलवार को मीट की दुकानें बंद करने का फरमान जारी करने की वजह भी बताई।

bjp mla ravindra negi- India TV Hindi
बीजेपी विधायक रविंद्र नेगी का वीडियो वायरल Image Source : X

दिल्ली के बीजेपी विधायक रविंद्र नेगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह अपने विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज में मीट बेच रहे दुकानदारों को फरमान जारी करते नजर आ रहे हैं। उन्हें मंगलवार को मीट की दुकानें बंद रखने को कह रहे हैं। रविंद्र नेगी पटपड़गंज से आम आदमी पार्टी के अवध ओझा को हराकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन्हें दिल्ली का मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी। नेगी को मंत्री का पद तो नहीं मिला लेकिन वो लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं या बने रहना जानते हैं इसीलिए उन्होंने पहले दुकानदारों को धमकी भरे अंदाज में दुकान बंद करने को कहा। फिर इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया।

बीजेपी विधायक ने बताई वजह

रविंद्र नेगी ने ट्वीट कर मंगलवार को मीट की दुकानें बंद करने का फरमान जारी करने की वजह भी बताई। नेगी का कहना है कि उनके विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज में मीट की ये दुकानें मंदिर के पास हैं इसलिए मंदिर जाने वालों लोगों को परेशानी होती है। लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचे इसलिए उन्होंने दुकानदारों से हर मंगलवार को अपनी दुकानें बंद रखने को कहा है।

वीडियो पोस्ट करते हुए बीजेपी विधायक ने लिखा है, ''पटपड़गंज विधानसभा में मंगलवार को खुली चिकन शॉप को बंद कराने का निर्देश दिया, क्योंकि यह मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर रही थी। सनातन संस्कृति में धार्मिक स्थलों के आसपास शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। ऐसे पावन स्थानों के आसपास ऐसी दुकानों का संचालन आस्था और परंपरा के विपरीत है।''

MCD की टीम के साथ पहुंचे रविंद्र नेगी

वहीं, अब सवाल यह है कि अगर किसी इलाके में कोई मीट की दुकान खुली है तो उसे बंद करने का आदेश देना प्रशासन का काम है कोई विधायक इस तरह की बात कैसे कर सकता है। इंडिया टीवी की टीम जब इस मामले की ग्राउंड रियलिटी जानने पटपड़गंज पहुंची तो पता चला कि रविंद्र नेगी जिस जगह मीट की दुकानें बंद करने को कह रहे है वो पटपड़गंज का शशि गार्डन इलाका है। यहां पर प्राचीन शिव मंदिर है जिसके पास मीट की कई दुकानें हैं। इस बारे में लोगों ने ही रविंद्र नेगी से शिकायत की थी कि नॉन वेज की दुकानें मंदिर के पास होने से उन्हें मुश्किलें होती हैं। इसी के बाद रविंद्र नेगी MCD की टीम के साथ वहां पहुंच गए और अपने अंदाज में फैसला सुना दिया।

दुकानदारों ने उठाया सवाल

इस वीडियो में रविंद्र नेगी तीन बातें कहते सुनाई दे रहे हैं। पहली बात तो ये है कि हर मंगलवार को मीट की दुकानें बंद रखनी होगी। दूसरी ये कि जो इसे नहीं मानेगा उसे अपनी दुकानें स्थायी रूप से बंद करनी होगी और तीसरी बात ये है कि नेगी दुकानदारों को मांस और मछली ढंक कर रखने को कह रहे हैं क्योंकि इससे लोगों को असुविधा होती है। यहां पर नॉन वेज बेच रहे मुस्लिम दुकानदार मंगलवार को दुकान बंद रखने की बात से सहमत नजर आए लेकिन उन्होंने दबी आवाज में रविंद्र नेगी के फरमान पर सवाल उठाया और पूछा कि यहां पर संविधान चलेगा या विधायक की मर्जी।

पार्षद से पटपड़गंज के MLA तक का सफर  

रविंद्र सिंह नेगी पटपड़गंज से पहली बार विधायक बने हैं। इस सीट पर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया 3 बार विधायक रह चुके हैं लेकिन इस बार चुनाव से पहले उन्होंने हार के डर से अपनी सीट बदल ली और जंगपुरा से चुनाव लड़ने का फैसला किया। आप ने यहां से अवध ओझा को मैदान में उतारा लेकिन अवध ओझा बीजेपी उम्मीदवार रविंद्र नेगी का मुकाबला नहीं कर पाए और करीब 23 हजार से ज्यादा मतों से चुनाव हार गए। इंडिया टीवी से बातचीत में रविंद्र नेगी से इससे इनकार किया कि उन्होंने दुकानदारों को धमकी दी है।

नवरात्र के दौरान बंद कराई थी मीट की दुकानें

वैसे रविंद्र नेगी के लिए विवादों में रहना कोई नई बात नहीं है। वह इसके पहले दो बार पटपड़गंज के ही विनोद नगर इलाके से पार्षद रहे हैं। पार्षद रहने के दौरान भी नेगी काफी एक्टिव थे और इसी तरह फरमान जारी करते रहते थे फिर इसके वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करते थे। मार्च 2023 में उन्होंने अपने वार्ड में नवरात्र के दौरान मीट की दुकानें बंद कराई थी तो सितंबर 2024 में मुस्लिम दुकानदार के अपने दुकान पर अपना असल नाम लगाने को कहा था।

यह भी पढ़ें-

आम आदमी पार्टी पर मनजिंदर सिंह सिरसा का बड़ा हमला, कहा- '3 साल से सो रहे थे, अब केजरीवाल को मसीहा बनाने में लगे'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।