नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में तीन लोगों ने एक व्यक्ति पर बीयर के बोतल से हमला किया। पुलिस ने बताया कि बीयर की बोतल पर लगे बारकोड की मदद से उन तीन लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक एक पार्क में तीन लोग नशे में धुत होकर एक शख्स के साथ बदतमीजी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बीयर की बोतल से शख्स के सिर पर हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति को करोल बाग के पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी जान बची। वहीं पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
रील शूट करते समय की बदतमीजी
पुलिस ने बताया कि यह घटना 15 दिसंबर की है। यहां एक व्यक्ति अपने एक दोस्त के साथ अजमल खान पार्क में रील शूट कर रहा था। इसी दौरान तीन लोग पास में ही शराब पी रहे थे और पीड़ित के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “जब रील बना रहे व्यक्ति ने आरोपियों के व्यवहार का विरोध किया, तो तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसा में तब्दील हो गई। आरोपियों में से एक ने बीयर की बोतल तोड़कर शिकायतकर्ता के सिर पर तेज वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।”
बीयर की बोतल पर मिला बारकोड
पुलिस ने बताया, “अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के एक विशेष दल का गठन किया गया। अजमल खान पार्क में घटनास्थल की विस्तृत जांच के दौरान, पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई बीयर की बोतल का एक टूटा हुआ टुकड़ा बरामद किया।” अधिकारी ने बताया कि बरामद बोतल के टुकड़े में एक बारकोड मिला, जो मामले में एक महत्वपूर्ण फॉरेंसिक सुराग साबित हुआ। पुलिस ने बताया कि बारकोड की मदद से जांच दल ने आस-पास की शराब की दुकानों पर जाकर बोतल के स्रोत का पता लगाया।
बारकोड से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पहचान की गई शराब की दुकान और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जाने के संदेह वाले स्कूटर की पहचान हुई। पुलिस ने बताया कि आस-पास के स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच से पुलिस को संदिग्धों की पहचान स्थापित करने में मदद मिली। अधिकारी ने बताया, “हमारी टीम ने घटना के 72 घंटों के भीतर 18 दिसंबर को तीन आरोपियों हम्माद उर्फ रिजवान (22), कामरान उर्फ सरिम (24) और फरजान (24) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, तीनों आरोपियों ने हमले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।”
माचिस मांगने पर हुआ विवाद
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कहासुनी तब शुरू हुई, जब उन्होंने रील बना रहे व्यक्ति से माचिस मांगी, जिसने देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता की जेबें तलाशीं, जिससे झड़प शुरू हुई और मामला बढ़ गया।
यह भी पढ़ें-
MP: मस्जिद में वजू करते समय अचानक फर्श पर गिरा शख्स, कुछ ही सेकेंड में हुई मौत; सामने आया CCTV फुटेज