1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गईं रेखा गुप्ता, सीएम योगी-प्रवेश वर्मा समेत इन नेताओं ने दी बधाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गईं रेखा गुप्ता, सीएम योगी-प्रवेश वर्मा समेत इन नेताओं ने दी बधाई

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Feb 19, 2025 07:50 pm IST,  Updated : Feb 19, 2025 08:51 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस अब खत्म हो चुका है। रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। 20 फरवरी को रेखा गुप्ता रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगी। चलिए बताते हैं कि इसपर किसने क्या रिएक्शन दिया है।

REKHA GUPTa elected as Delhi Chief Minister know who gave what reaction- India TV Hindi
दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गईं रेखा गुप्ता Image Source : SOCIAL

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो चुकी है। रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना जा चुका है। वहीं प्रवेश वर्मा दिल्ली के डिप्टी सीएम होंगे। 20 फरवरी को रेखा गुप्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। बता दें कि इसे लेकर खासा तैयारियां की गई है। भाजपा विधायक दल की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। रेखा गुप्ता के सीएम चुने जाने पर उनके समर्थकों ने खुशी जाहिर की है। रेखा गुप्ता के आवास के बाहर महिलाएं पहुंची हैं जो रेखा गुप्ता को सपोर्ट कर रही हैं। 

रेखा गुप्ता का पहला रिएक्शन, क्या बोले मनोज तिवारी

मीडिया से बात करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि महिला सम्मान भाजपा की प्राथमिकता है। रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बहुत बहुत बधाई। वहीं सीएम चुने जाने पर रेखा गुप्ता ने पहला रिएक्शन देते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं विधायक दल का धन्यवाद। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं विधायक दल का मुझपर विश्वास जताने के लिए हार्दिक आभार। मैं अपने दायित्व का निर्वहन दिल्ली के विकास हेतु करने को तैयार हूं। भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा, भाजपा विधायक दल ने रेखा गुप्ता को नया सीएम चुना है। वह दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। मनोज तिवारी ने कहा कि पूरे देश में भाजपा ने एक और महिला मुख्यमंत्री महिला एक और राज्य को दे दिया है। महिला सीएम भी बनीं। देश को एक और महिला मुख्यमंत्री मिली हैं। इसकी आवश्यकता भी थी। सतीश उपाध्याय, प्रवेश वर्मा ने जब उनके नाम का प्रस्ताव दिया तो हमें बड़ी खुशी मिली।

क्या बोले सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रवेश वर्मा

रेखा गुप्ता के सीएम चुने जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, दिल्ली भाजपा के विधायक दल का नेता चुने जाने पर श्रीमती रेखा गुप्ता जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। रेखा गुप्ता के सीएम बनने पर आम आदमी पार्टी के नेता और विधायक गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली की जनता का इंतजार आज खत्म हो गया। मैं रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई देता हूं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा, एक छात्र नेता से लेकर अबतक वह पार्टी के विचारों से जुड़ी रही हैं। भाजपा विधायक दल का नेता रेखा गुप्ता को चुना गया है। मैं उन्हें बधाई देता हूं। वहीं भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि रेखा गुप्ता दिल्ली का नया अध्याय लिखेंगी। वहीं प्रवेश वर्मा ने कहा, 'रेखा गुप्ता का सीएम बनना खुशी की बात।'

आतिशी ने दी बधाई

दिल्ली की कार्यवाहक सीएम और आप नेता आतिशी ने कहा, "मैं रेखा गुप्ता को सीएम बनने पर बधाई देती हूं। मुझे उम्मीद है कि भाजपा दिल्ली की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। मैं आप की तरफ से कहना चाहती हूं कि हमारी पार्टी यहां के विकास कार्यों के लिए भाजपा को अपना समर्थन देने के लिए हमेशा तैयार है। वह दिल्ली की चौथी सीएम होंगी और यह बहुत अच्छी बात है कि महिलाएं राजनीति में बड़े उत्साह के साथ आगे आ रही हैं।"

क्या बोले केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बहुत बहुत बधाई। मैं उम्मीद करता हूँ कि दिल्ली की जनता को किए गए सारे वादे वे पूरे करेंगी। दिल्ली की जनता के विकास और भले के हर कार्य में हम उन्हें सहयोग करेंगे।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।