दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक शख्स लड़की के भेष में आया और महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बाद में पता चला कि हमलावर कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता का जीजा है। फिलहाल, पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पूरी प्लानिंग के साथ रोहिणी सेक्टर-24 स्थित क्लिनिक पहुंचा। पहचान छिपाने के लिए उसने लड़की के कपड़े पहने हुए थे। जैसे ही वह क्लिनिक के अंदर पहुंचा, उसने मौका पाकर महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से क्लीनिक और आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हमले के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भाग रहे आरोपी को दबोच लिया। जब लोगों ने उसे पकड़ा, तब खुलासा हुआ कि लड़की के कपड़ों के पीछे छिपा हमलावर असल में पुरुष है। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और आरोपी को उनके हवाले कर दिया।
चाकू के प्रहार से फिजियोथेरेपिस्ट बुरी तरह घायल हो गई है। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और अन्य संदिग्ध सामान जब्त कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पीड़िता का जीजा है, हालांकि हमले की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
ये भी पढ़ें-
हुमायूं कबीर को नवनीत राणा की चेतावनी, "हिंदुस्तान में कब्र के लिए जगह भी नहीं मिलेगी"
संपादक की पसंद