1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: छठ पर्व के दौरान यमुना के पानी में नहीं दिखेगा झाग, CM रेखा गुप्ता का बड़ा बयान

दिल्ली: छठ पर्व के दौरान यमुना के पानी में नहीं दिखेगा झाग, CM रेखा गुप्ता का बड़ा बयान

 Published : Oct 14, 2025 04:51 pm IST,  Updated : Oct 14, 2025 05:03 pm IST

CM रेखा गुप्ता ने छठ पर्व को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार यमुना के पानी में झाग नहीं दिखेगा। प्रदूषित नदी के पुनरुद्धार के लिए तेजी से काम चल रहा है।

Rekha Gupta- India TV Hindi
CM रेखा गुप्ता ने छठ और यमुना को लेकर दिया बयान Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली में छठ पर्व मनाने की तैयारी कर रहे लोगों से जुड़ी बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली के लोगों को आश्वासन दिया है कि आगामी छठ पर्व के दौरान यमुना के पानी झाग नहीं दिखेगा। उन्होंने कहा कि प्रदूषित नदी के पुनरुद्धार के लिए तेजी से काम चल रहा है।

दिवाली के बाद अक्सर यमुना के पानी में दिखता था झाग

गौरतलब है कि जैसे ही सर्दियां शुरू होती हैं और दिवाली का त्यौहार आता है तो यमुना में सीवरेज और औद्योगिक अपशिष्ट छोड़े जाते हैं। इस वजह से पानी में झाग जम जाता है। ऐसे में जब भी छठ का पर्व सामने आता है तो यमुना में इतना झाग होता है कि उसमें छठ पूजा करना भी मुश्किल होता है। बीते सालों में झाग भरे पानी में खड़ी छठ मनाती महिलाओं की तस्वीरें अक्सर चर्चा का विषय बनी हैं।

दिल्ली सचिवालय में लंबित जल बिलों पर माफी योजना की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई और पुनरुद्धार का काम तेजी से चल रहा है, जिसमें मौजूदा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को उन्नत करना, नए प्लांटों के लिए निविदाएं आमंत्रित करना और नालों के अनुपचारित पानी को रोकने के लिए ड्रोन मैपिंग शामिल है।

सरकार यमुना नदी को स्वच्छ बना देगी: सीएम

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि समय के साथ सरकार यमुना नदी को स्वच्छ बना देगी।"  उन्होंने कहा, "दिल्ली जल बोर्ड और जल मंत्री कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मैं आश्वस्त कर सकती हूं कि दिल्ली के लोगों को यमुना में कोई झाग नहीं दिखेगा।"

गौरतलब है कि रेखा गुप्ता की सरकार, इसी साल फरवरी में सत्ता में आई है। उन्होंने वादा किया है कि हर हालत में यमुना को साफ करके रहेंगे। 

बता दें कि दिल्ली में यमुना नदी काफी प्रदूषित थी और जब बीजेपी की सरकार राज्य में सत्ता में आई तो उसने इसे साफ करने का बीड़ा उठाया। इसे साफ करने के लिए युद्ध स्तर पर काम भी चल रहा है लेकिन प्रदूषण इतना ज्यादा है कि इसे पूरी तरह खत्म करने में लंबा समय लगेगा। हालांकि जब सीएम रेखा खुद आश्वासन दे रही हैं कि इस बार यमुना में झाग नहीं दिखेगा तो अब समय बताएगा कि उनका वायदा कितना सच्चा है और कितना झूठा है। (इनपुट: PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।