दिल्ली में इस बार मानसून जमकर मेहरबान हो रहा है। यमुना ने खतरे का निशान पार कर लिया था, जिसके कारण पुराने रेलवे पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया था। मठ बाजार, मदनपुर खादर, यमुना बाजार और मयूर विहार के कुछ हिस्सों सहित निचले इलाकों से लगभग 10,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। वहीं, अब जब यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे जा रहा है, तब भी बिगड़ता मौसम लगातार खतरे की घंटी बजा रहा है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में मंगलवार को आंधी-तूफान और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सोमवार को मौसम की स्थिति काफी हद तक शुष्क रही और पिछले 24 घंटे में बारिश नहीं हुई। राजधानी में दिन के दौरान सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 87 प्रतिशत से 57 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
कितना रहा AQI?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सोमवार शाम चार बजे AQI 82 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
सितंबर के दूसरे हफ्ते के मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी में सितंबर के दूसरे हफ्ते की शुरुआत हल्के बादलों और गरज के साथ बारिश की संभावना के साथ हो रही है। सोमवार से लेकर रविवार तक तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, लेकिन अधिकतम तापमान लगातार 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सप्ताह के दौरान कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, खासकर बुधवार, गुरुवार और शनिवार को। शुक्रवार और रविवार को बारिश की संभावना कम है लेकिन बादल छाए रह सकते हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
बाढ़ पीड़ित की ही पीठ पर चढ़ गए कांग्रेस सांसद तारिक अनवर, Video जमकर हो रहा वायरल