1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के इंद्रपुरी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत तीन पर हत्या का मामला दर्ज

दिल्ली के इंद्रपुरी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत तीन पर हत्या का मामला दर्ज

 Reported By: Sanjay Sah, Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 20, 2026 11:14 pm IST,  Updated : May 20, 2026 11:17 pm IST

पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में एक इमारत से कथित तौर पर गिरने के बाद 25 साल की एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसके पति और उसके दो भाइयों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।

विवाहिता की संदिग्ध मौत- India TV Hindi
विवाहिता की संदिग्ध मौत Image Source : INDIA TV

नई दिल्लीः दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को होली चौक, दासघरा गांव क्षेत्र से PCR कॉल मिली थी, जिसमें एक महिला के बिल्डिंग से गिरने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी ने दी ये जानकारी

डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि मृतका की पहचान राजू सिंह की पत्नी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 25 साल थी। उन्होंने बताया कि चूंकि शादी को सात साल से भी कम समय हुआ था, इसलिए दहेज हत्या से जुड़े प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई और मामले की सूचना करोल बाग के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) को दी गई। भास्कर ने बताया कि SDM ने महिला के परिवार वालों के बयान दर्ज किए, जबकि रोहिणी से आई क्राइम और फोरेंसिक टीमों ने मौके का मुआयना किया और वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठा किए।

पति समेत तीन पर मामला दर्ज

DCP ने बताया कि जांच, परिवार वालों के बयानों और मंगलवार को किए गए पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के आधार पर, इंद्रपुरी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मृतका के पति राजू सिंह और उसके दो भाइयों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना इंदरपुरी थाना में FIR नंबर 122/26 धारा 80/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज की गई है। मामले में पति राजू सिंह और उसके दो भाइयों को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।