उत्तर प्रदेश में नौकरी की राह देख रहे उम्मीदवारों के लिए एक बेहद शानदार खबर है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार ने आयुष विभाग में 4,350 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में आयुष विभाग की बैठक में विभिन्न रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी के निर्देश के बाद आयुष विभाग ने आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक विभाग में रिक्त कुल 4,350 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें से कुछ पद पदोन्नति, सीधी भर्ती, लेखा व वित्तीय संवर्ग, पीएसएस संवर्ग के माध्यम से भरे जाएंगे।
आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार के हवाले से जारी बयान में कहा गया है कि सीएम ने बैठक में आयुष चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावशाली बनाने के मकसद से खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए थे। बयान के मुताबिक, सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को मजबूत करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन होना चाहिए। इसी क्रम में निदेशक, उप निदेशक, प्राचार्य, प्रोफेसर, लेक्चरर, चिकित्साधिकारी, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, मैट्रन, रीडर जैसे महत्वपूर्ण पदों को भरने की तैयारी शुरू कर दी गयी है।
आयुर्वेद चिकित्सा, यूनानी चिकित्सा और होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं में कितने पद खाली और कितने भरे
कुमार ने बताया कि मौजूदा समय में आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं में कुल 7,233 स्वीकृत पदों में से 4,208 पद भरे हुए हैं, जबकि 3,025 पद रिक्त हैं। इसी तरह यूनानी चिकित्सा सेवाओं में कुल 462 स्वीकृत पदों में से 301 भरे हुए हैं जबकि 161 पद खाली हैं। होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं में कुल 3,818 स्वीकृत पदों में से 2,654 भरे हुए हैं, जबकि 1,164 पद रिक्त हैं। इन पदों में से कई पर प्रोन्नति, सीधी भर्ती, लेखा व वित्तीय संगर्व, पीएसएस संवर्ग आदि के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी। (इनपुट- पीटीआई)
ये भी पढ़ें- नीट पीजी को लेकर बड़ी खबर, दो शिफ्टों में परीक्षा कराने को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई