Monday, March 02, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. कड़कड़ाती ठंड के कारण दिल्ली,यूपी समेत कई राज्यों में स्कूल हुए बंद, कई जगह स्कूलों की टाइमिंग बदली

कड़कड़ाती ठंड के कारण दिल्ली,यूपी समेत कई राज्यों में स्कूल हुए बंद, कई जगह स्कूलों की टाइमिंग बदली

Written By: Shailendra Tiwari @@Shailendra_jour Published : Jan 04, 2023 07:22 am IST, Updated : Jan 04, 2023 10:48 am IST

School Closed- ठंड के सितम को देखते हुए यूपी, बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने भीषण शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है।

ठंड के कारण दिल्ली,यूपी समेत कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO ठंड के कारण दिल्ली,यूपी समेत कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में कड़कड़ाती ठंड ने कांपने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों में ठंड के और बढ़ने की आशंका जताई है। बढ़ती ठंड को देखते हुए कई राज्यों में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में स्कूली बच्चों को ठंड से बचाने के लिए कई राज्यों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। सर्दी के सितम को देखते हुए यूपी के कई जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सरकारी से लेकर प्राइवेट स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

ठंड को देखते हुए यूपी में स्कूल बंद

मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर, हाथरस, मैनपुरी समेत कई जिलों में भीषण शीतलहर और अत्यधिक कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लखनऊ में जिला प्रशासन ने 4 जनवरी से 7 जनवरी तक सभी सरकारी, निजी और गैर सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दिया है। इसके अलावा सीतापुर जिलाधिकारी (डीएम) ने भीषण शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिले के सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों की छुट्टियां बढ़ाने का आदेश जारी किया है। वहीं, हाथरस में नर्सरी से लेकर 12वीं क्लास तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। मैनपुरी जनपद में 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश की घोषणा की गई है। कौशाम्बी में 8वीं क्लास तक के स्कूल 7 जनवरी, चंदौली में 12वीं तक के स्कूल 5 जनवरी, वाराणसी में 12वीं क्लास तक के बच्चों के लिए स्कूल 05 जनवरी, प्रयागराज में 08वीं कक्षा तक के लिए 5 जनवरी तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि इन जिलों के अलावा अन्य जिलों में भी स्कूलों को बंद कर दिया गया हैं।

बिहार में स्कूल बंद

शीतलहर की आशंका के चलते पटना में 10वीं तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। हालांकि मैट्रिक की पढ़ाई कर रहे छात्र कोचिंग संस्थान में सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक पढ़ाई कर सकते हैं। पटना के अलावा अन्य जिलों में भी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

झारखंड में भी स्कूल बंद

झारखंड में इन दिनों भीषण शीत लहर देखने को मिल रही है। तापमान में हर दिन गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते राज्य की राज्य सरकार ने कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूल 8 जनवरी 2023 तक बंद रखने का आदेश जारी कर दिया। जबकि बाकी कक्षाओं के छात्रों को अगला आदेश जारी होने तक अपने तय समय के अनुसार स्कूल जाना होगा। झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि शीत लहर को देखते हुए कक्षा 1 से पांच तक के सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।

मध्यप्रदेश में स्कूलों की टाइमिंग बदली

प्रचंड शीतलहर को देखते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। इसके लिए कलेक्टर ने आदेश जारी किया है। बता दें कि भोपाल इन दिनों पड़ रही शीतलहर की चपेट में है। यहां इतना कोहरा पड़ रहा कि यहां विजिबिलिटी महज 50 मीटर तक रह गई है। पूरे राज्य में इस समय तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक घने कोहरे की आशंका जताई है। कलेक्टर के आदेशानुसार अब सभी शासकीय,  आशासकीय स्कूल, आंगनवाड़ी सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे। कलेक्टर लवानिया के मुताबिक सिंगल शिफ्ट में चलने वाले स्कूल सुबह 9:30 बजे से और जिन स्कूलों में 2 शिफ्ट में कक्षाएं चलती हैं, वे स्कूल सुबह 9:00 बजे से शुरू होंगे।

हरियाणा में 15 जनवरी स्कूल  बंद

हरियाणा में 8वीं तक के स्कूलों को 15 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वहीं, 9वीं से 12वीं तक के स्कूल सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।

दिल्ली व अन्य राज्यों में भी स्कूल बंद

दिल्ली में 12 जनवरी 2023 तक शहर के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पंजाब में 03 से 13 जनवरी 2023 तक छुट्टियां हैं। मध्य और दक्षिणी पंजाब में 06 जनवरी 2023 तक अवकाश रहेगा। वहीं, राजस्थान की बात करें तो 05 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे।

जम्मू-कश्मीर में भी कड़ाके की ठंड

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में 26 दिसंबर से 10 दिनों के छुट्टी कर दी है।

Latest Education News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement