1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. बिहार विधान सभा चुनाव 2020
  4. बिहार चुनाव: पहले चरण का चुनाव प्रचार थमा, बुधवार को 71 सीटों पर मतदान

बिहार चुनाव: पहले चरण का चुनाव प्रचार थमा, बुधवार को 71 सीटों पर मतदान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 26, 2020 09:41 pm IST,  Updated : Oct 26, 2020 09:41 pm IST

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिन 71 विधानसभा क्षेत्रों में 28 अक्टूबर को मतदान होना है, उनके लिए सोमवार की शाम प्रचार समाप्त हो गया। बिहार विधानसभा के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश में सत्ताधारी एनडीए का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन रैलियों को संबोधित की।

Campaign ends for first phase of Bihar assembly election- India TV Hindi
Campaign ends for first phase of Bihar assembly election Image Source : PTI

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिन 71 विधानसभा क्षेत्रों में 28 अक्टूबर को मतदान होना है, उनके लिए सोमवार की शाम प्रचार समाप्त हो गया। बिहार विधानसभा के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश में सत्ताधारी एनडीए का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन रैलियों को संबोधित की जहां उन्होंने मतदाताओं से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में फिर से एनडीए की सरकार बनाने का अपील की। बिहार के विपक्षी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रथम चरण में दो रैलियों को संबोधित किया। उनकी पार्टी कांग्रेस लालू प्रसाद की राजद और तीन वाम दलों के साथ मिलकर यह चुनाव लड़ रही है।

Related Stories

भाजपा ने देश भर के कई दिग्गज नेताओं को प्रथम चरण के चुनाव प्रचार में लगा रखा था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे भाजपा के स्टार प्रचारकों ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों जैसे अयोध्या में राम मंदिर, तीन तालक, धारा 370 को हटाए जाने का बार-बार हवाला दिया।

पहले चरण के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के अलावा आठ मंत्री प्रेम कुमार, कृष्णनंदन वर्मा, शैलेश कुमार, विजय कुमार सिन्हा, जय कुमार सिंह, रामनारायण मंडल, संतेाष कुमार निराला और बृजकिशोर बिंद सहित कई दिग्गज चुनावी मैदान में हैं।

पहले चरण में 1066 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। पहले चरण में दो करोड़ 14 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण के लिए 31,371 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बिहार राज्य अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय सिंह ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पारा मिल्रिटी फोर्स की तैनाती की जाएगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चुनाव को लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कोरोना काल में मतदान को लेकर कई तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।

चुनावी मैदान में सोमवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्मृति ईरानी सहित अभिनेता और सांसद रवि किशन और मनोज तिवारी को चुनावी मैदान में उतारा है, वहीं महागठबंधन की ओर से राजद नेता तेजस्वी यादव सहित कई नेता चुनावी रैली कर रहे हैं।

पहले चरण में राजद के 42 तो जदयू के 35 उम्मीदवारों के अलावे भाजपा के 29, कांग्रेस के 21, भाकपा (माले) के आठ, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के छह और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के एक प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा लोजपा के भी 42 प्रत्याशियों का फैसला इस चरण के मतदान में तय होना है।

इस चुनावी दंगल में राजग से सीधी टक्कर विपक्षी दल के महागठबंधन से मानी जा रही है। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग जदयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं, जबकि केंद्र में राजग की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) यहां अलग होकर चुनाव मैदान में है। इधर, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और वामपंथी दल शामिल हैं।

बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में चुनाव होना है। इसके तहत प्रथम चरण के लिए 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर, दूसरे चरण के लिए तीन नवंबर को 94 सीटों पर और तीसरे चरण के लिए सात नवंबर को 78 सीटों के लिए मतदान होगा। वहीं वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024