1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. साध्वी प्रज्ञा ने प्रायश्चित के लिए 63 घंटे का मौन व्रत रखा, ट्वीट कर दी जानकारी

साध्वी प्रज्ञा ने प्रायश्चित के लिए 63 घंटे का मौन व्रत रखा, ट्वीट कर दी जानकारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 20, 2019 05:12 pm IST,  Updated : May 20, 2019 05:19 pm IST

भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सोमवार सुबह से 21 पहर (63 घंटे) का मौन व्रत धारण किया है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में साध्वी प्रज्ञा के कुड बयानों से राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ और बाद में उन्होंने माफी भी मांगी।

Sadhvi Pragya Thakur announces 'maun vrat' till poll results are out- India TV Hindi
Sadhvi Pragya Thakur announces 'maun vrat' till poll results are out

भोपाल: भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सोमवार सुबह से 21 पहर (63 घंटे) का मौन व्रत धारण किया है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में साध्वी प्रज्ञा के कुड बयानों से राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ और बाद में उन्होंने माफी भी मांगी। साध्वी की एक सहयोगी ने पीटीआई ‘भाषा’ को बताया, ‘‘साध्वी जी ने आज सुबह से 21 प्रहर का मौन व्रत धारण किया है।’’ साध्वी प्रज्ञा ने ट्वीट पर जानकारी दी, ‘‘ प्रक्रियाओं के उपरान्त अब समय है चिंतन मनन का, इस दौरान मेरे शब्दों से समस्त देशभक्तों को यदि ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा प्रार्थी हूं और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के अंतर्गत प्रयश्चित हेतु 21 प्रहर के मौन के साथ कठोर तपस्या कर रही हूं। हरिः ॐ।’’

Related Stories

लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान मालेगांव बम विस्फोट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ने अपने बयानों से राजनीतिक महौल में गर्मी ला दी थी। उनका एक बयान था कि उन्होंने मुम्बई एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे को श्राप दिया था और इसके एक माह बाद आतंकवादियों की गोलियों से उनकी मौत हो गयी। साध्वी प्रज्ञा ने यह भी बयान दिया कि अध्योध्या में राम मंदिर निर्माण आंदोलन के दौरान बाबरी ढांचा ढहाने में शामिल होने पर उन्हें गर्व है।

साध्वी प्रज्ञा की इन बयानों की सभी ने आलोचना की यहां तक कि उनके दल भाजपा ने भी स्वयं को उनके बयानों से अलग कर लिया। चुनाव आयोग ने साध्वी के शहीद करकरे पर दिये गये बयान पर कार्रवाई करते हुए उनके चुनाव प्रचार पर 72 घंटे के लिये प्रतिबंध लगा दिया। हाल ही में साध्वी प्रज्ञा फिर खबरों में तब आयीं जब उन्होंने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया। उनके इस बयान की भी सभी ने निंदा की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां तक कहा कि साध्वी ने हालांकि इस पर माफी मांग ली है लेकिन वह उन्हें मन से माफ नहीं कर पायेगें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024