मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष को मिले झटके के तहत केज विधानसभा सीट से राकांपा उम्मीदवार नमिता मुंदडा सोमवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उनके अलावा वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) नेता गोपीचंद पडालकर और कांग्रेस विधायक काशीराम पावरा भी भाजपा में शामिल हुए।
Related Stories
पडालकर इस साल सांगली लोकसभा सीट से वीबीए के टिकट पर चुनाव हार गए थे और अब वह राकांपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को बारामती विधानसभा सीट से चुनौती दे सकते हैं। पडालकर और पावरा मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।
मुंदडा बीड़ जिले में पार्टी की लोकसभा सदस्य प्रीतम मुंडे और राज्य मंत्री पंकजा मुंडे की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं। केज सीट से उनकी उम्मीदवारी का ऐलान इस महीने की शुरुआत में राकांपा प्रमुख शरद पवार ने किया था। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। वह 2014 के विधानसभा चुनाव में केज सीट से भाजपा की संगीता थोंब्रे के हाथों चुनाव हार गई थीं।