1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. खाद की कमी के चलते किसान आत्महत्या कर रहे, बीजेपी की लूट वाली नीति खत्म करेंगे: प्रियंका

खाद की कमी के चलते किसान आत्महत्या कर रहे, बीजेपी की लूट वाली नीति खत्म करेंगे: प्रियंका

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 27, 2021 06:34 pm IST,  Updated : Nov 27, 2021 06:34 pm IST

बुंदेलखंड के किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि बुंदेलखंड के संसाधनों पर बुंदेलखंड के लोगों का हक है।

Priyanka Gandhi, Priyanka Gandhi BJP, Priyanka Gandhi UP Elections- India TV Hindi
प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आती है तो छुट्टा जानवरों के लिए छत्तीसगढ़ के मॉडल को लागू किया जाएगा। Image Source : TWITTER.COM/PRIYANKAGANDHI

Highlights

  • प्रियंका ने दावा किया कि ‘हम बीजेपी की लूट वाली नीति को खत्‍म करेंगे।’
  • प्रियंका ने कहा कि छुट्टा जानवरों के लिए छत्तीसगढ़ के मॉडल को लागू किया जाएगा।
  • प्रियंका ने कहा कि बुंदेलखंड के संसाधनों पर बुंदेलखंड के लोगों का हक है।

महोबा: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के नारे के उद्घोष के साथ कहा कि ‘बीजेपी की नई खनिज नीति, किसानों की दुर्दशा, पानी की समस्या, बेरोजगारी, महंगाई के चलते बुंदेलखंड का बुरा हाल है।’ प्रियंका ने दावा किया कि ‘हम बीजेपी की लूट वाली नीति को खत्‍म करेंगे।’ उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आती है तो छुट्टा जानवरों के लिए छत्तीसगढ़ के मॉडल को लागू किया जाएगा।

‘बुंदेलखंड के संसाधनों पर यहीं के लोगों का हक है’

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका ने शनिवार को महोबा के छत्रसाल स्टेडियम में 'प्रतिज्ञा रैली' में वादा किया, ‘उत्तर प्रदेश में यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा और महिलाओं को साल में 3 घरेलू गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। कोरोना काल में आर्थिक तंगी के चलते बिजली बिल न जमा करने वालों का बिजली बिल भी माफ होगा।’ बुंदेलखंड के किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि बुंदेलखंड के संसाधनों पर बुंदेलखंड के लोगों का हक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ पर बुंदेलखंड को छलने का आरोप लगाया।


‘खाद की कमी के चलते किसान कर रहे आत्महत्या’
प्रियंका ने कहा कि खाद की कमी के चलते बुंदेलखंड में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्‍होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए दावा किया कि 2 सालों में 1500 किसानों ने आत्महत्या की। बुंदेलखंड के विकास के लिए काम करने का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी की तरह चुनावी बुंदेलखंड विकास बोर्ड नहीं बल्कि इसके लिये स्थाई बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनेगा। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के लिए हर साल विकास का बजट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोबा में वीर आल्हा-ऊदल के नाम पर एक बड़ा सांस्कृतिक केंद्र बनायेंगे।

‘सरकार के पास बुंदेलखंड के विकास के लिए योजना नहीं’
प्रियंका ने कहा कि हमने छुट्टा जानवरों के लिए सरकार बनने के बाद यूपी में छत्तीसगढ़ के मॉडल को लागू करने की योजना बनायी है। कांग्रेस महासचिव ने कहा, 'हमने ये भी तय किया है जिन परिवारों को सबसे ज्यादा आर्थिक मार कोरोना की पड़ी है, जिनके छोटे-छोटे कारोबार बंद हुए उनको 25000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हमने यह भी तय किया कि 20 लाख सरकारी रोजगार देंगे और हमारी सरकार बनने के बाद कोई भी बीमारी हो तो 10 लाख रुपये तक का इलाज सरकार करवायेगी।’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार के पास बुंदेलखंड के विकास के लिए कोई योजना नहीं है।

प्रियंका ने कहा, सरकार ने पर्यटन उद्योग को बर्बाद कर दिया
प्रियंका ने उपस्थित लोगों से कहा, 'आप पूछिये कि यहां के पान के लिए क्या योजना है, भंवर सागर के लिए क्या योजना है।' उन्होंने कहा कि पत्थर यहां का सोना है लेकिन सरकार की गलत नीतियों के कारण यहां के लोगों को कुछ नहीं मिल रहा है। प्रियंका ने सरकार पर पर्यटन उद्योग को बर्बाद करने का आरोप लगाया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार दोपहर बाद महोबा पहुंचीं। रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी मौजूद थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024