1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. बीजेपी ने AAP पर पैसे लेकर टिकट देने का लगाया आरोप, जवाब में केजरीवाल ने कहा- 'ये भाजपा की मनोहर कहानियां हैं'

बीजेपी ने AAP पर पैसे लेकर टिकट देने का लगाया आरोप, जवाब में केजरीवाल ने कहा- 'ये भाजपा की मनोहर कहानियां हैं'

 Edited By: Shashi Rai
 Published : Nov 21, 2022 11:00 pm IST,  Updated : Nov 21, 2022 11:00 pm IST

केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा हर दिन मनोहर कहानियां जारी करती है। वह स्टिंग ऑपरेशन लाती है। दिल्ली की जनता पूछ रही है कि उन्होंने 15 साल में नगर निगम में क्या किया और उनके पास जवाब नहीं है।''

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) पर टिकट बेचने के आरोप से जुड़ा एक स्टिंग वीडियो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘मनोहर कहानियां’ हैं। आप संयोजक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि इस पार्टी ने दिल्ली नगर निगम और गुजरात में अपने इतने लंबे समय के शासन के दौरान उनके लिए क्या किया है। आप के एक पूर्व कार्यकर्ता द्वारा कथित रूप से बनाये गये वीडियो के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा हर दिन मनोहर कहानियां जारी करती है। वह स्टिंग ऑपरेशन लाती है। दिल्ली की जनता पूछ रही है कि उन्होंने 15 साल में नगर निगम में क्या किया और उनके पास जवाब नहीं है। गुजरात की जनता पूछा रही है कि उन्होंने 27 साल में क्या किया और उनके पास जवाब नहीं है।’’ 

भाजपा को केजरीवाल की सलाह

आप नेता अपनी पार्टी के लिए गुजरात चुनाव में प्रचार करने यहां आये हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे (भाजपा) हर रोज फर्जी स्टिंग लाते हैं। लोग इस तरह की गंदी राजनीति पसंद नहीं करते। लोग उन्हें प्रभावित करने वाले विषयों पर चर्चा चाहते हैं। वे दूध, गैस की बढ़ती कीमतों के कारण घर नहीं चला पा रहे, लेकिन उन्हें (भाजपा) इससे कोई लेनादेना नहीं है।’’ केजरीवाल ने कहा, ‘‘मेरी भाजपा के लिए एक सलाह है। उसे तू-तू, मैं-मैं की राजनीति करने के बजाय जनता के भले के बारे में सोचना चाहिए।’’ 

'सत्येंद्र जैन फिजियोथैरेपी करा रहे हैं'

जेल में बंद आप नेता सत्येंद्र जैन के मसाज कराने संबंधी वीडियो के बारे में पूछने पर केजरीवाल ने कहा कि जैन को उसी तरह वीआईपी सुविधाएं मिल रही हैं, जिस तरह ‘‘अमित शाह को गुजरात में जेल में रहने के दौरान मिलीं।’’ केजरीवाल ने जैन का बचाव करते हुए कहा, ‘‘वह डॉक्टरों की सलाह पर फिजियोथैरेपी करा रहे हैं।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024