1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. भोजपुरी
  4. पवन सिंह, निरहुआ और तेज प्रताप यादव का दिखेगा 'भोजपुरी बवाल', एक ही टेबल पर बैठ विवादों-अफवाहों पर भिड़ेंगे बड़े-बड़े सुपरस्टार्स

पवन सिंह, निरहुआ और तेज प्रताप यादव का दिखेगा 'भोजपुरी बवाल', एक ही टेबल पर बैठ विवादों-अफवाहों पर भिड़ेंगे बड़े-बड़े सुपरस्टार्स

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 14, 2026 09:04 am IST,  Updated : Jul 14, 2026 10:28 am IST

भोजपुरी इंडस्ट्री का पहला रियलिटी शो टीवी के साथ ही ओटीटी के पर्दे पर आने वाला है। इस शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार के साथ-साथ लालू प्रसाद यादव के लाडले तेज प्रताप यादव की भी एंट्री होने वाली है, जिसकी झलक भी सामने आ गई है।

bhojpuri bawaal- India TV Hindi
भोजपुरी बवाल। Image Source : JIOHOTSTAR

भोजपुरी मनोरंजन उद्योग के प्रशंसकों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर सामने आई है। भारत का पहला भोजपुरी सेलिब्रिटी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' जल्द ही छोटे पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस शो का प्रीमियर आगामी 2 अगस्त को 'जियोहॉटस्टार' और 'कलर्स'  चैनल पर होने जा रहा है। हाल ही में निर्माताओं ने इस बहुप्रतीक्षित शो की पहली झलक यानी प्रोमो जारी किया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार यह पहला प्रोमो दर्शकों को शो के भीतर होने वाले ड्रामे, आपसी प्रतिद्वंद्विता और अनौपचारिक बातचीत का एक शानदार पूर्वावलोकन प्रदान करता है। इस शो के जरिए भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े अभिनेता, गायक और सार्वजनिक हस्तियां एक साथ स्क्रीन साझा करते हुए दिखाई देंगे।

दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी और पहला प्रोमो

भोजपुरी शो के जारी हुए पहले लुक से इसमें शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों की पुष्टि हो गई है। शो में भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और गायक पवन सिंह, मशहूर अभिनेता व भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', जेजेडी नेता तेज प्रताप यादव के साथ-साथ लोकप्रिय अभिनेत्रियां आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी मुख्य आकर्षण होंगी। शो के प्रोमो की शुरुआत सभी प्रतिभागियों के एक डिनर टेबल पर इकट्ठा होने से होती है, जहां वे आपस में चर्चा कर रहे हैं कि दर्शकों के सामने इस शो को किस तरह पेश किया जाए। हालांकि यह सामान्य बातचीत जल्द ही एक तीखी बहस में बदल जाती है। इस दौरान ये हस्तियां एक-दूसरे से जुड़ी अफवाहों, विवादों और जनता के बीच बनी उनकी छवि पर बेबाकी से बात करती नजर आती हैं।

यहां देखें वीडियो

पारंपरिक रियलिटी शो से अलग होगा इसका फॉर्मेट

निर्माताओं के अनुसार 'भोजपुरी बवाल' पारंपरिक रियलिटी शोज़ के घिसे-पिटे ढर्रे से काफी अलग होगा। इसमें दर्शकों को कोई तय टास्क या एलिमिनेशन देखने को नहीं मिलेगी। इसके बजाय, यह शो पूरी तरह से इन भोजपुरी हस्तियों के व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन पर केंद्रित रहेगा। शो में कलाकारों के करियर के उतार-चढ़ाव, उनके पारिवारिक जीवन, आपसी दोस्ती, पुरानी रंजिशों और स्टारडम के पीछे छिपी चुनौतियों को बेहद करीब से टटोला जाएगा।

हस्तियों ने साझा किए अपने अनुभव

शो को लेकर अपनी उत्सुकता साझा करते हुए पवन सिंह ने कहा कि इसके जरिए दर्शकों को हेडलाइंस के पीछे छिपे असली किरदारों को जानने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, 'सालों से लोगों ने हमारे बारे में तमाम कहानियां सुनी हैं, जिनमें से कुछ सच हैं तो कुछ बढ़ा-चढ़ाकर बताई गईं और कई बिल्कुल मनगढ़ंत हैं। यह शो दर्शकों को यह जानने का अवसर देगा कि सुर्खियों से परे हम वास्तव में कौन हैं।' वहीं नेता तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस शो के जरिए दर्शकों को कुछ ऐसे चेहरों की अनूठी जुगलबंदी देखने को मिलेगी जो पहले कभी इस तरह साथ नहीं आए।

दिनेश लाल यादव निरहुआ ने इसे पूरी तरह अनस्क्रिप्टेड शो बताया और कहा, 'इस शो की सबसे अच्छी बात यह है कि कोई भी परफेक्ट दिखने का नाटक नहीं कर रहा है। हम साथ हंसते हैं, बहस करते हैं और एक-दूसरे की टांग खींचते हैं।' अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने कहा कि इसके माध्यम से दर्शक उनके जीवन के उन पहलुओं को देख पाएंगे जो कैमरों के पीछे छिपे रहते हैं, जबकि काजल राघवानी ने जोर देकर कहा कि इस शो का पूरा ध्यान बनावटी ड्रामे के बजाय वास्तविक बातचीत और आपसी संबंधों को दिखाने पर है।

ये भी पढ़ें: आकांक्षा चमोला का एक और बड़ा खुलासा, गौरव खन्ना से तलाक के बाद नहीं करेगीं शादी, बोलीं- अब असेक्शुअल हो गई हूं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bhojpuri से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन