नई दिल्ली: बच्चन परिवार की बहू और बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन को अक्सर मीडिया के सामने शांत और प्यार से जवाब देते हुए देखा जाता है। लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें ऐश को काफी मस्तीभरे अंदाज में देखा जा सकता है। इस वीडियो में उनके साथ इंडस्ट्री के महानायक और उनके ससुर अमिताभ बच्चन भी नजर आ रहे हैं। यहां मीडिया के सामने ऐश का यह चुलबुला अंदाज देख वह थोड़े असहज दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उन्होंने यहां बहू ऐश्वर्या को यह तक कह डाला कि, "आराध्या की तरह बर्ताव करना बंद करो।" बता दें कि यह वीडियो वर्ष 2015 में आयोजित किए गए स्टारडस्ट अवार्ड का है। इस दौरान ऐश को उनकी कमबैक फिल्म 'जज्बां' में बेस्ट एक्ट्रेस के अवार्ड से नवाजा गया था। वहीं दूसरी ओर इसी समारोह में बिग बी को उनकी फिल्म 'पा' में बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए नवाजा गया था।
Related Stories
इस मौके पर ऐश बेहद खुश दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो को ऐश्वर्या के फैन क्लब की ओर से जारी किया गया है। इसमें ऐश इतनी उत्साहित दिख रही हैं कि वह बिग बी की तरह ईशारा करते हुए कहती हैं कि "ये सबसे बेहतरीन हैं।" और बोलते हुए गले लग जाती हैं। इसके बाद भी वह यहीं नहीं रुकतीं और अमिताभ की चिन को सहलाने लगती हैं। हालांकि वहीं महानायक भी उनकी ऐसी क्यूट हरकतें देख मुस्कुरा देते हैं।
वैसे ऐश के बारे में कहा जाता है कि उनके अपने सास-ससुर यानी जया और अमिताभ बच्चन के साथ काफी अच्छे संबंध हैं। वहीं इस वीडियो में उनकी और बिग बी की बॉन्डिंग साफ देखी जा सकती है। गौरतलब है कि ऐश्वर्या ने वर्ष 2007 में अमिताभ के बेटे और अभिनेता अभिषेक बच्चन से शादी की थी। इनकी एक बेटी आराध्या भी है, जो अक्सर अपनी क्यूट तस्वीरों के कारण सुर्खियों में बनी रहती हैं।