मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘रेस 3’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त चल रहे हैँ। उनके अलावा इस फिल्म में अहम किरदार में नजर आ रहीं अभिनेत्री डेजी शाह ने हाल ही में कहा है कि वह कभी भी सलमान खान को निराश करना नहीं चाहती। डेजी ने फिल्म के प्रमोशन इवेंट के दौरान बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत दौरान यह कहा। बता दें कि उन्होंने मनोरंजन उद्योग में 10 साल पहले कोरियोग्राफर गणेश आचार्य के सहायक के रूप में काम किया था। इसके बाद सलमान ने फिल्म 'जय हो' के साथ उन्हें ब्रेक दिया।
Related Stories
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि जीवन चुनौतियों से भरा है। आपको अपने जन्म से चुनौती का सामना करना पड़ता है।" उन्होंने कहा, "मेरे लिए 'जय हो' में ब्रेक मिलना चुनौतिपूर्ण था और इसके बाद मेरी यात्रा काम और भाग्य पर निर्भर थी इसलिए मुझे लगता है कि मेरे माता-पिता के आशीर्वाद ने यहां तक पहुंचाने में मदद की है और मैं खुशनसीब हूं कि सलमान खान ने मुझे एक स्तर तक पहुंचने में मदद की।"
डेजी ने आगे कहा, "उसके बाद उस स्तर को आगे बढ़ाना मेरी कड़ी मेहनत पर निर्भर करता है। सलमान खान को लाखों लोग प्यार करते हैं और अगर उन्हें मुझ पर विश्वास है तो मैं उन्हें निराश करना नहीं चाहती।" गौरतलब है कि ‘रेस 3’ में सलमान और डेजी के अलावा जैकलिन फर्नाडिज, बॉबी देओल, अनिल कपूर और साकिब सलीम जैसे सितारे अहम भूमिकाओं दिख रहे हैं। फिल्म ईद के खास मौके पर 15 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।