1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. फेसबुक पोस्ट लिख इस शख्स ने किया सिंगर परमीश को गोली मारने का दावा

फेसबुक पोस्ट लिख इस शख्स ने किया सिंगर परमीश को गोली मारने का दावा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 14, 2018 05:40 pm IST,  Updated : Apr 14, 2018 05:42 pm IST

पंजाबी सिंगर, ऐक्टर और डायरेक्टर परमीश वर्मा को गोली मारकर घायल करने की घटना के बाद एक फेसबुक पोस्ट वायरल हो रही है...

Parmish Verma and Dilpreet Singh Dhahan- India TV Hindi
Parmish Verma and Dilpreet Singh Dhahan

मोहाली: पंजाबी सिंगर, ऐक्टर और डायरेक्टर परमीश वर्मा को गोली मारकर घायल करने की घटना के बाद एक फेसबुक पोस्ट वायरल हो रही है। इस पोस्ट में एक शख्स दावा कर रहा है कि परमीश को उसने ही गोली मारी है। आपको बता दें कि परमीश इस समय अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। गोली मारने की बात फेसबुक पोस्ट के जरिए कबूल करने वाले शख्स ने धमकी भी दी है कि परमीश इस बार तो बच गया, लेकिन अगली बार नहीं बचेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती परमीश की टांग में गोली लगी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात एक अनजान शख्स ने परमीश वर्मा पर गोली चला दी थी, जिससे वह घायल हो गए थे। घटना के समय परमीश का एक दोस्त भी उनके साथ था। वे दोनों एक इवेंट के बाद घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच दिलप्रीत सिंह दहान नाम के शख्स ने दावा कर दिया कि परमीश को उसने ही गोली मारी है। दिलप्रीत ने अपनी पोस्ट में लिखा है, ‘मैं दिलप्रीत सिंह सबको बताना चाहता हूं कि मैंने ही परमीश वर्मा को मारा है। परमीश, देख ले तू कितना भी बच ले, लेकिन आज मेरे हत्थे चढ़ ही गया।’

पंजाबी भाषा में लिखी इस पूरी पोस्ट में दिलप्रीत ने परमीश को धमकियां दी हैं। साथ ही दिलप्रीत ने कहा है कि परमीश इस बार तो बच गया, लेकिन अगली बार नहीं बचेगा। आपको बता दें कि परमीश ने 'गाल नहीं कडनी' जैसे कई गानों से कम ही समय में अपार लोकप्रियता हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने 'रॉकी मेंटल' फिल्म में अभिनय भी किया है और युवाओं के बीच काफी तेजी से अपनी पहचान बनाई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन