1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. इस सवाल का जवाब देकर मानुषी छिल्लर ने जीता था 'विश्व सुंदरी' का ताज, खत्म हुआ था 17 साल का सूखा

इस सवाल का जवाब देकर मानुषी छिल्लर ने जीता था 'विश्व सुंदरी' का ताज, खत्म हुआ था 17 साल का सूखा

 Published : May 13, 2020 10:36 am IST,  Updated : May 13, 2020 10:49 am IST

मानुषी छिल्लर ने साल 2017 में विश्व सुंदरी का ताज अपने नाम किया था। जानिए किस सवाल का जवाब देकर मानुषी रातोंरात स्टार बन गई थीं।

Manushi Chhillar- India TV Hindi
Manushi Chhillar - मानुषी छिल्लर Image Source : INSTAGRAM/MANUSHI_CHHILLAR

Manushi Chhillar birthday: मानुषी छिल्लर आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। मानुषी ने साल 2017 में विश्व की सबसे सुंदर महिला का खिताब अपने नाम किया था और भारत का गौरव बढ़ाया था। 14 मई को इस पूर्व विश्व सुंदरी का जन्मदिन है। इस मौके पर हम आपको वो सवाल और जवाब दोनों ही बताते हैं जिसने मानुषी को शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया। 

मानुषी ने जिस वक्त विश्व सुंदरी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था उस वक्त वो महज 20 साल की थीं। ये प्रतियोगिता चीन में आयोजित हुई थी। जिसमें कुल 118 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया था। हालांकि मानुषी सभी पर भारी पड़ी थीं और अपने नाम ताज करने में कामयाब रही थीं। मानुषी को ये ताज प्‍यूर्टो रिको की रहने वाली पूर्व विश्व सुंदरी स्टेफनी डेल वैले ने पहनाया था। 

इस प्रतियोगिता को जीतने के बाद मानुषी रातोंरात स्टार बन गई थीं। मानुषी इस वजह से भी ज्यादा सुर्खियों में रही थीं क्योंकि प्रियंका चोपड़ा के इस खिताब को हासिल करने के 17 साल बाद किसी भारतीय ने अपने नाम ये ताज किया था। मानुषी से पूछा गया सवाल और जवाब इस प्रकार है...

सवाल- किस प्रोफेशन को सबसे ज्यादा सैलरी मिलनी चाहिए?

जवाब- एक मां को सबसे ज्यादा इज्जत मिलनी चाहिए। जहां तक सैलरी की बात है, तो इसका मतलब रुपयों से नहीं बल्कि सम्मान और प्यार से है। 

मानुषी को मिलाकर अब तक भारत की छह महिलाएं विश्व सुंदरी का ताज जीत चुकी हैं। पहली बार रीता फारिया ने साल 1996 में इस ताज को अपने नाम किया था। इसके बाद ऐश्वर्या राय बच्चन ने 1994 में, डायना हैडन ने 1997 में, युक्ता मुखी ने 1999 में, प्रियंका चोपड़ा ने साल 2000 में और छठा ताज मानुषी छिल्लर ने 2017 में जीता था। इसके बाद साल 2018 मिस वर्ल्ड की प्रतियोगिता को मैक्सिको की वानेसा पोंस ने जीता था। वानेसा को ये ताज मानुषी छिल्लर ने ही पहनाया था।

जहां तक करियर की बात है मानुषी छिल्लर इस वक्त अक्षय कुमार के साथ फिल्म पृथ्वीराज की शूटिंग कर रही हैं। चंद्रप्रकाश द्विवेदी के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म इस साल दिवाली पर रिलीज होनी है। फिल्म की अधिकतर शूटिंग राजस्थान में की गई है। लॉकडाउन के चलते फिल्म की शूटिंग रोकी गई है लेकिन मानुषी के इंस्टाग्राम पर फिल्म के मुहुर्त और सेट की तस्वीरें उनके फैंस को दिख सकती हैं। खूबसूरत मानसी को अक्षय कुमार जैसे स्टार के साथ डेब्यू का फायदा मिलेगा या नहीं ये तो वक्त ही बताएगा लेकिन मानुषी विश्व सुंदरियों के फिल्मी नगरिया में आने की परंपरा को जीवित रखेंगी, ऐसा कहा जा सकता है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन