1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. इसलिए परिणीति चोपड़ा खुद को मानती हैं खुशकिस्मत

इसलिए परिणीति चोपड़ा खुद को मानती हैं खुशकिस्मत

 Published : May 10, 2017 05:32 pm IST,  Updated : May 10, 2017 05:32 pm IST

परिणीति चोपड़ा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मेरी प्यारी बिन्दु’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म में अभिनय करने के साथ उन्होंने इसमें गाना भी गाया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता परिणीति फिल्मों में...

parineeti- India TV Hindi
parineeti

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मेरी प्यारी बिन्दु’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म में अभिनय करने के साथ उन्होंने इसमें गाना भी गाया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता परिणीति फिल्मों में बेहतरीन भूमिकाएं मिलने और गाना गाने का मौका भी मिलने पर खुद को खुशकिस्मत मानती हैं क्योंकि संगीत उनकी 'आत्मा' है। परिणीति ने बताया, "मैंने 'लेडी वर्सेज रिकी बहल' से शुरुआत की थी, जिसके लिए मुझे कई पुरस्कार मिले। फिर मैंने 'इश्कजादे' की, इस फिल्म के लिए मुझे राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, मैंने हमेशा ऐसी भूमिकाएं निभाई हैं, जो शानदार थीं। ईश्वर की कृपा से मुझे हमेशा शानदार भूमिकाएं मिलीं।" आगामी फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदु' में परिणीति ने 'माना कि हम यार नहीं' गाया है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। अभिनेत्री का कहना है कि गायन उनकी जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा, "जो कोई भी शख्स मुझे जानता है उसे पता है कि गाना मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। संगीत वास्तव में मेरी आत्मा है, इसलिए 'मेरी प्यारी बिंदु' मेरे लिए खास है क्योंकि मैं चाहती थी मेरा पहला गाना अच्छा प्रदर्शन करे।" उन्होंने कहा कि वह चाहती थीं कि उनका गाना हिट साबित हो और यही हुआ। परिणीति इस फिल्म के साथ लगभग दो साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें काफी फिल्मों के प्रस्ताव मिल रहे थे, लेकिन 2015 में उन्होंने काम से नौ महीने का ब्रेक लिया, क्योंकि वह अपना घर बनवा रही थीं और शरीर को छरहरा बनाने तथा फिटनेस पर ध्यान दे रही थीं। नौ महीने बाद उन्होंने यह फिल्म साइन की और शूटिंग शुरू की। शूटिंग पूरा होने व फिल्म रिलीज होने में एक साल और लग जाता है। महज 23 साल के जस्टिन बीबर की कमाई जानकर उड़ जाएंगे आपके होश

फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदु' में काम करने के बारे में परिणीति ने कहा कि उन्हें पटकथा पसंद आई और उन्हें लगा कि वह इसी तरह के किरदार निभाना चाहती थीं। इसमें कई पुराने गाने हैं, जो जीवन के विभिन्न अध्यायों के साथ जुड़े हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ अपनी जोड़ी के बारे में अभिनेत्री ने कहा कि दोनों में खूब बनती है। अभिनेता उनके करीबी दोस्तों में से एक हैं। उनके साथ काम करना सहज है। वह साधारण और ईमानदार शख्स हैं।

वहीं परिणीति 'मेरी प्यारी बिंदु' और अमिताभ बच्चन अभिनीत 'सरकार-3' में होने वाली भिडंत को लेकर चिंतित नहीं हैं। दोनों फिल्में शुक्रवार को रिलीज हो रही हैं। परिणीति ने कहा, "अगर फिल्म अच्छी है, तो दर्शक इससे जुड़ते हैं। फिल्म सफल तब होती है जब लोग उसे पसंद करते हैं और उसे देखने का लुत्फ उठाते हैं। अगर लोग 'मेरी प्यारी बिंदु' को पसंद करते हैं, तो यह सफल साबित होगी।"

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन