मुंबई: बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा रीमा लागू की आज सुबह 3 बजकर 15 मिनट पर दिल दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री सदमे में हैं। रीमा को देर रात सीने में दर्द की शिकायत के कारण मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन यहां उन्होंने दम तोड़ दिया। रीमा को ज्यादातर फिल्मों में मां का किरदार निभाते हुए देखा जा चुका है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेता बोमन ईरानी, अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर और अक्षय कुमार जैसे सितारों ने शोक व्यक्त किया। 59 वर्षीया अभिनेत्री को बुधवार की मध्यरात्रि में अंधेरी पश्चिम के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल (केडीएएच) में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अपने जीवन की अंतिम सास ली।
रीमा को 'हम आपके हैं कौन', 'आशिकी', 'कुछ कुछ होता है', 'हम साथ साथ हैं', 'मैंने प्यार किया', 'कल हो ना हो', 'वास्तव', 'साजन', 'रंगीला' और 'क्या कहना' जैसी फिल्मों में शानदार भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। टेलीविजन पर वह 'खानदान', 'श्रीमान श्रीमती', 'तू तू मैं मैं', 'दो और दो पांच' जैसे धारावाहिकों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुकी हैं। इस समय वह धारावाहिक 'नामकरण' में दिख रही हैं। रीमा के आकस्मिक निधन पर हस्तियों ने ट्विटर के जरिए शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह फिल्मी दुनिया में बड़ा प्रभाव छोड़ गई हैं। मोदी ने ट्विटर पर कहा, "बहुमुखी प्रतिभा की धनी रीमा लागू टेलीविजन और फिल्मों की दुनिया में बड़ा प्रभाव छोड़ गई हैं। उनका निधन दुखद है। मेरी गहरी संवेदना।"
सोनिया गांधी ने कहा, "घर-घर में पहचानी जाने वाली (रीमा) लागू बहुमुखी प्रतिभा की धनी थीं। उन्होंने पर्दे पर दिल जीत लेने वाली भूमिकाएं निभाईं और दर्शकों के दिल व मन पर हमेशा के लिए अपनी अमिट छाप छोड़ गईं।"
मधुर भंडारकर: रीमा के न रहने के बारे में दुखद खबर सुनी। 'रंगीला' में बतौर सहायक निर्देशक के रूप में उनके साथ किया काम याद है। प्रतिभाशाली अभिनेत्री चली गईं।
बोमन ईरानी: हमारी प्यारी रीमा अब नहीं रहीं। मजाकिया, खुशमिजाज और प्यारी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
दिग्गज अभिनेता रजा मुराद का कहना है कि उन्होंने रीमा लागू को हमेशा अपनी छोटी बहन की तरह माना। रजा ने गुरुवार को रीमा के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए कहा, "मेरी प्रिय मित्र और पुरानी सहयोगी रीमा लागू नहीं रहीं। यकीन नहीं होता कि यह दिग्गज महिला अब हमारे बीच नहीं हैं।" रजाकहा, "उन्होंने हमेशा मुझे रजा भाई कहकर बुलाया और मैंने हमेशा उन्हें छोटी बहन की तरह माना। यह दुखद है कि वह हमेशा के लिए हमसे दूर चली गईं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।"