नई दिल्ली: छोटे पर्दे के जाने माने अभिनेता रजत टोकस इन दिनों अपने पौराणिक धारावाहिक 'चंद्र-नंदनी' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस शो में वह चंद्रगुप्त की भूमिका में नजर आ रहे हैं। रजत अपने किरदारों को बेहतरीन ढंग से पर्दे पर उतारने के लिए पूरी तरह से उसे अपने अंदर ढाल लेते हैं। अब वह अपनी भूमिका को अलग अंदाज देने के लिए वॉयस मॉड्यूलेशन पर काम कर रहे हैं। रजत अपनी भूमिका को अलग अंदाज में पेश करने के लिए पिछले कुछ महीनों से अपनी आवाज पर काम कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े:- 'वारिस' में अपने लुक के बारे में अक्षय डोगरा ने कही ये बात
रजत ने बताया,"हमेशा अपने किरदार के लिए मैं कुछ नया करता हूं। इसके लिए मेरी आवाज है।" इससे पहले 'धरती का वीर योद्दा पृथ्वीराज चौहान', 'धरम वीर' और 'जोधा अकबर' में नजर आ चुके अभिनेता ने कहा,"मुझे लगता है कि ऐतिहासिक धारावाहिकों में संवाद को उतार-चढ़ाव के साथ बोलना सही है और यही कारण है कि मैं अपनी आवाज पर काम कर रहा हूं।"
इस धारावाहिक का प्रसारण टेलीविजन चैनल स्टार प्लस पर होता है। यह शक्तिशाली शासक चंद्रगुप्त मौर्य और उनकी पत्नी नंदिनी की कहानी है। इस धारावाहिक में नंदिनी की भूमिका श्वेता बसु प्रसाद को निभाते हुए देखा जा रहा है।