नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बागी 2’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त चल रहे हैं। उनकी इस फिल्म को लेकर फैंस में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। टाइगर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘हिरोपंती’ से की थी। अपनी पहली ही फिल्म से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया था। उनका कहना है कि अपने 4 साल के करियर में उन्होंने महसूस किया कि फिल्म जगत के दबाव में घुटने टेकने की बजाए, आगे बढ़ना ही एकमात्र रास्ता है।
Related Stories
दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे ने कहा कि उन्हें अपनी पहचान बनाने की कोई जल्दी नहीं है। टाइगर ने एक साक्षात्कार में कहा, ”दबाव की वजह से मैं और तेजी से सीढ़ियां चढ़ने की कोशिश कर रहा हूं। मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं इस स्थिति में हूं कि मुझे यह स्वीकार्यता मिली है और (मैं यह कह सकता हूं कि) मेरी खुद की एक पहचान है, मैं केवल जैकी श्रॉफ का बेटा नहीं हूं। मैंने यही लक्ष्य तय किया है, कि अपनी खुद की पहचान बनाऊं।“
टाइगर का कहना है कि, ”मैं उन्हें प्रेरित करना चाहता हूं जिन्हें प्रेरित नहीं किया गया है। मैं लोगों की भावनाओं को झकझोड़ना चाहता हूं। मैं क्रांति लाना चाहता हूं। मैंने लोगों में एक चिंगारी भरी है। मेरे ज्यादातर प्रशंसक बच्चे हैं।“ गौरतलब है कि ‘बागी 2’ में टाइगर के साथ दिशा पटानी भी मुख्य किरदार में दिखाई देने वाली हैं।