बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार एक बार फिर चर्चा में हैं। 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मशहूर इंटरव्यू लेकर सुर्खियों में आए अक्षय ने इस बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मजेदार अंदाज में बातचीत की। मुंबई में आयोजित फिक्की फ्रेम्स 2025 के कार्यक्रम के मंच पर हुए इस इंटरव्यू ने एक बार फिर पुराने पलों की यादें ताजा कर दीं और पीएमो मोदी से पूछे गए आम वाले सवाल की याद दिला दी। एक बार फिर अक्षय ने उसी लहजे में मजेदार सवाल किया और सीएम ने भी इसका दिलचस्प जवाब दिया है।
अक्षय ने किया ये सवाल
कार्यक्रम के दौरान अक्षय कुमार ने कहा, 'यह दिन मेरे लिए बेहद खास है। फिक्की को 25 साल पूरे हो गए हैं और इस खास मौके पर हमारे मुख्यमंत्री हमारे साथ मौजूद हैं। यह मेरे जीवन में सिर्फ दूसरी बार है जब मैंने किसी का इंटरव्यू लिया है। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लिया था और अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करने का मौका मिला है। मैंने पीएम मोदी से पूछा था कि आप आम कैसे खाते हैं। लोगों ने इस सवाल का खूब मजाक उड़ाया था, लेकिन मैं नहीं सुधरने वाला।' इसी बात को आगे बढ़ाते हुए अक्षय ने सीएम फडणवीस से पूछा, 'आप नागपुर से हैं और नागपुर तो संतरे के लिए मशहूर है। तो क्या आपको संतरे पसंद हैं?'
यहां देखें वीडियो
मुख्यमंत्री ने दिया ओजी वाला जवाब
मुख्यमंत्री ने हंसते हुए 'हां' में जवाब दिया। इस पर अक्षय ने तुरंत अगला सवाल दाग दिया, 'आप संतरे छीलकर खाते हैं या मिक्सी में जूस बनाकर पीते हैं?' देवेंद्र फडणवीस ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए बताया कि उन्हें संतरे का एक अलग ही अंदाज में खाना पसंद है, 'मैं संतरे को आधा काटता हूं, उस पर थोड़ा नमक छिड़कता हूं और आम की तरह खाता हूं।' उन्होंने मुस्कुराते हुए जोड़ा, 'संतरा खाने का ये तरीका सिर्फ ओजी लोग ही जानते हैं।'
इस फिल्म पर हुई बात
अक्षय ने भी इस पर खुशी जताते हुए कहा, 'मैंने आज एक नई चीज़ सीखी है और इसे जरूर आजमाऊंगा।' बातचीत यहीं खत्म नहीं हुई। अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री से एक ऐसा सवाल भी किया जिसने माहौल को और भावनात्मक बना दिया। उन्होंने पूछा कि कोई ऐसी फिल्म है जिसने उन्हें गहराई से प्रभावित किया हो। देवेंद्र फडणवीस ने जवाब दिया, 'अनिल कपूर की फिल्म 'नायक: द रियल हीरो' मुझे बहुत प्रेरित करती है। इस फिल्म ने मुझे न केवल प्रभावित किया बल्कि परेशान भी किया। फिल्म में अनिल कपूर एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बनते हैं और कई अहम फैसले लेते हैं। आज जब मैं इस पद पर हूं, तो लोग मुझसे भी वैसी ही उम्मीदें करते हैं। उस फिल्म ने एक ऊंचा मानक स्थापित कर दिया है।' उन्होंने आगे कहा, 'फिल्मों ने मेरी सोच, संवेदनाओं और भावनाओं को आकार दिया है। उन्होंने मुझे खुद के प्रति ईमानदार बने रहने में मदद की है।'
ये भी पढ़ें: खूबसूरती में देती थी ऐश्वर्या को टक्कर, फिर खटकने लगी बॉलीवुड की चकाचौंध, अब बौद्ध भिक्षु बनकर चुना संन्यासी जीवन