1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. क्या सच में कांग्रेस का प्रचार कर रहे अल्लू अर्जुन, जानें वायरल हो रहे वीडियो की सच्चाई

क्या सच में कांग्रेस का प्रचार कर रहे अल्लू अर्जुन, जानें वायरल हो रहे वीडियो की सच्चाई

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Apr 22, 2024 11:09 pm IST,  Updated : Apr 22, 2024 11:10 pm IST

साउथ सिनेमा के चर्चित एक्टर अल्लू अर्जुन भी आमिर खान और रणवीर सिंह की तरह डीपफेक का शिकार हो गए हैं। उनका भी एक पुराना वीडियो लोगों को भ्रमित करने के लिए सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। जानें इस मामले की पूरी सच्चाई।

Allu Arjun- India TV Hindi
अल्लू अर्जुन। Image Source : INSTAGRAM

लोकसभा चुनाव शुरू होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मशहूर हस्तियों के डीपफेक वीडियो की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। आए दिन किसी न किसी मशहूर सेलिब्रिटी की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनको लेकर दावा किया जा रहा है कि वो चुनाव प्रचार कर रहे हैं, लेकिन पड़ताल के बाद पता चल रहा है कि हकीकत कुछ और ही है। चुनाव के बीच लोगों को भटकाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। आमिर खान और रणवीर सिंह हाल में ही डीपफेक वीडियो का शिकार हुए थे। दोनों ने ही इस मामले में कार्रवाई करते हुए एफआईआर भी दर्ज कराई। अब इसी तरह अभिनेता अल्लू अर्जुन की एक क्लिप सामने आई है। सोमवार को भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ये तेजी से वायरल हो रही है। क्लिप को शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि वह कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। हालांकि, यह तथ्य नहीं है, ये पूरी तरह से फेक है। 

अल्लू अर्जुन का वायरल वीडियो है फेक

वीडियो में अल्लू अर्जुन एक खुली छत वाली गाड़ी में खड़े होकर लोगों की ओर हाथ हिलाते और मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। उनके बगल में उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी भी नजर आ रही हैं। उन्होंने सफेद सूट पहना था, जबकि स्नेहा मस्टर्ड साड़ी में नजर आईं। कपल के आसपास कई लोग भी नजर आए। वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है, 'अल्लू अर्जुन कांग्रेस के सम्मान के लिए मैदान में हैं।' एक अन्य व्यक्ति ने कहा, 'अल्लू अर्जुन भारत के सबसे बड़े सुपरस्टार हैं। वह कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।'

यहां देखें वीडियो

कब और कहां का है ये वीडियो

वीडियो मूल रूप से  साल 2022 का है जब अल्लू अर्जुन न्यूयॉर्क गए थे। उन्होंने अमेरिका में भारतीय प्रवासियों द्वारा आयोजित सबसे प्रसिद्ध वार्षिक कार्यक्रमों में से एक 'इंडिया डे परेड' में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। तब अल्लू को ग्रैंड मार्शल की उपाधि से भी सम्मानित किया गया था। इसके बाद एक्टर ने खुद इस कार्यक्रम से जुड़े वीडियो साझा किए थे। इसमें भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न भी मनाया गया था। परेड में राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए एक वीडियो अल्लू अर्जुन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किया था, जिसके कैप्शन में लिखा था, 'न्यूयॉर्क में भारत दिवस परेड में ग्रैंड मार्शल बनना सम्मान की बात थी।'

इस फिल्म में नजर आएंगे एक्टर

बात करें, अल्लू अर्जुन के वर्कफ्रंट की तो वो जल्द ही 'पुष्पा 2: द रूल' में दिखाई देंगे। इस फिल्म की शूटिंग अंतिम चरण में है। यह फिल्म 15 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी। रश्मिका मंदाना भी फिल्म में नजर आएंगी। याद दिला दें, रश्मिका भी डीपफेक वीडियो का शिकार हो चुकी हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन