1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. शाहरुख खान की ‘देवदास’ का सेट बनाने वाला कैसे बना 'सन ऑफ मल्लाह', बिहार की राजनीति में निभा रहा बड़ा रोल

शाहरुख खान की ‘देवदास’ का सेट बनाने वाला कैसे बना 'सन ऑफ मल्लाह', बिहार की राजनीति में निभा रहा बड़ा रोल

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Oct 07, 2025 02:22 pm IST,  Updated : Oct 07, 2025 02:25 pm IST

'देवदास' और 'बजरंगी भाईजान' जैसी फिल्मों का सेट बनाने वाला शख्स आज बिहार की राजनीति में किसी हुकुम के इक्के से कम नहीं है। सन ऑफ मल्लाह के नाम से मशहूर ये नेता आज बिहार की सियासत में अपनी अलग जगह बना चुका है।

mukesh sahani- India TV Hindi
राहुल गांधी के साथ मुकेश साहनी। Image Source : MUKESH SAHANI INSTAGRAM

मुकेश साहनी बिहार की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा हैं, लोकसभा चुनाव 2024 में तेजस्वी यादव के साथ गठबंधन कर चर्चा में आए थे। इससे पहले 2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए के साथ मिलकर चार सीटें जीतकर उन्होंने अपनी ताकत का लोहा मनवाया था। लेकिन उनकी राजनीति की राह कभी आसान नहीं रही। उनका राजनीतिक सफर 2015 में शुरू हुआ, जब उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ा बल्कि बीजेपी को समर्थन दिया। हालांकि, उस चुनाव में महागठबंधन ने बीजेपी को मात दी और बाद में मुकेश साहनी एनडीए से अलग हो गए। 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन का हिस्सा बने, तीन सीटों पर चुनाव लड़े लेकिन हार का सामना करना पड़ा।

राजनीति में की खूब अदला बदली

2020 में जब आरजेडी के साथ तालमेल नहीं बना तो साहनी विकासशील इंसान पार्टी के नेता बनकर फिर एनडीए में लौट आए और 11 सीटों पर चुनाव लड़े। इस बार चार विधायक उनके खाते में आए। खुद चुनाव जीत न पाने पर बीजेपी ने उन्हें एमएलसी बनाकर नीतीश सरकार में मंत्री पद सौंपा, लेकिन मार्च 2022 में उनके तीन विधायक बीजेपी में शामिल हो गए, जिससे उनके और बीजेपी के रिश्ते में खटास आ गई। 2023 में साहनी ने निषाद समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर बिहार, झारखंड और यूपी में 100 दिवसीय आरक्षण यात्रा निकाली। 2024 के लोकसभा चुनाव में वे फिर महागठबंधन में लौटे और आरजेडी के साथ मिलकर तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली।

राजनीति से पहले की कहानी

राजनीति में आने से पहले मुकेश साहनी का सफर बिल्कुल अलग था। मुंबई में उन्होंने बॉलीवुड के सेट डिजाइनर के तौर पर काम किया। साल 2013 में राजनीति में कदम रखने से पहले वे निषाद विकास संघ के माध्यम से सामाजिक पहचान बनाते रहे। आर्थिक तंगी के दौर में वे दरभंगा से मुंबई आए और कॉस्मेटिक का काम करने लगे। बाद में शाहरुख खान की फिल्म ‘देवदास’ और सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों के सेट उनकी कंपनी मुकेश सिनेवर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड ने डिजाइन किए। कहा जाता है कि ऐसे भी दौर था जब मुकेश साहनी फिल्मों के सेट बनाने के लिए तीन-तीन शिफ्ट में काम करते थे।

बने प्रोड्यूसर

फिल्मों के सेट बनाने तक ही मुकेश की कहानी सीमित नहीं रही। उनका सपना बड़ा था और कुछ कर गुजरने की चाहत भी थी। बॉलीवुड में सात साल गुजारने के बाद उन्होंने फिल्मों प्रोड्यूस करने का सपना देखा और भोजपुरी फिल्मों के प्रोड्यूसर बन गए। उन्होंने 'एक लैला तीन छैला' नाम की भोजपुरी फिल्म प्रोड्यूस की। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई, लेकिन यहीं से उनका करियर अलग दिशा में आगे बढ़ गया।

परिवार में कौन-कौन?

मुकेश साहनी आज भी अपना ज्यादा वक्त मुंबई में गुजारते हैं। उनके परिवार के कई लोग दरभंगा में रहते हैं। मुकेश साहनी की पत्नी कविता साहनी हैं, जिनके दो बच्चे मुस्कान और रणवीर हैं। मुकेश अब बिहार की राजनीति में अहम रोल प्ले कर रहे हैं। चुनावी रण में ये देखने वाली बात होगी कि वो किस ओर जाते हैं। 'सन ऑफ मल्लाह' के नाम से मशहूर मुकेश साहनी का हर राजनीतिक कदम बिहार की राजनीति में अलग रोल प्ले करने वाला है।

ये भी पढ़ें: रईसी में कटा बचपन, कटीली आंखों से लूटी महफिल, देह व्यापार में धकेली गई खूबसूरत हसीना, ठेले पर श्मशान पहुंची थी लाश

क्या अकेले शाहरुख के लाडले ने बना डाली 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड'? 19 की उम्र में कमाल करने वाले इस लड़के का है पूरा हाथ

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन