हुमा कुरैशी इन दिनों अपनी नई फिल्म 'बेबी डू डाई डू' को लेकर चर्चा में हैं, जो जल्दी ही दर्शकों के बीच दस्तक देने वाली है। इस क्राइम थ्रिलर में हुमा कुरैशी के साथ सिकंदर खेर, चंकी पांडे और रचित सिंह भी नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज को अब एक ही हफ्ता बचा है, इससे पहले मेकर्स ने फिल्म का गाना 'इश्क कमीना 2.O' रिलीज कर दिया है, जो 2002 के आईकॉनिक सॉन्ग का नया वर्जन है। इस कल्ट क्लासिक सॉन्ग में ऐश्वर्या राय और शाहरुख खान की जबरदस्त केमेस्ट्री देखने को मिली थी और अब 'बेबी डू डाई डू' के मेकर्स ने इसे बिलकुल नए अंदाज में पेश किया है और हुमा अपने जबरदस्त डांस मूव्ज दिखाती नजर आ रही हैं। लेकिन, लगता है मिलेनियल्स और जेन Z को 'इश्क कमीना' का ये नया वर्जन जरा भी पसंद नहीं आया है।
ऐश्वर्या-शाहरुख को छू भी नहीं पाए हुमा-रचित
हुमा कुरैशी 'इश्क कमीना 2.O' में बिलकुल नए अंदाज में नजर आ रही हैं। ये गाना हुमा और रचित सिंह पर फिल्माया गया है और दोनों की खूबसूरत केमेस्ट्री देखने को मिल रही है। ग्लैमर के साथ-साथ एटीट्यूड और एनर्जेटिक डांस मूव्ज का इस गाने में तड़का देखने को मिल रहा है। लेकिन, तमाम कोशिशों के बावजूद दर्शकों को इंप्रेस करने में असफल रहे। गाने में हुमा ने जमकर डांस किया है, लेकिन शाहरुख-ऐश्वर्या के फैंस ने इसे स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया है। कमेंट सेक्शन में लोग 'इश्क कमीना' के साथ छेड़छाड़ करने को लेकर मेकर्स की जमकर क्लास लगा रहे हैं।
लोगों ने उड़ाई 'इश्क कमीना 2.O' की खिल्ली
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर तंज करना शुरू कर दिया। एक ने कमेंट सेक्शन में लिखा- 'इस जहर से राहत के लिए पुराना वाला सुनना होगा।' एक और लिखता है- 'जरा सोचिए, अगर इस गाने में सिर्फ 30 सेकंड के लिए सोनू की आवाज के साथ SRK का कैमियो हो, तो गाना जबरदस्त होगा।' एक ने लिखा- 'मुझे समझ नहीं आता कि क्या गाना रिलीज करने से पहले इन्हें समझ नहीं आता कि कितना बुरा बनाया है।' हालांकि, कुछ यूजर ऐसे भी थे, जिन्होंने इस नए वर्जन की तारीफ की। एक ने तारीफ में लिखा- 'मुझे रीमेक पसंद हैं क्योंकि ये किसी चीज़ को खराब नहीं करते, बल्कि पुराने गानों को नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाते हैं।' एक और लिखता है- 'इस बात का सबूत कि पुराने जादू से भी नई तरकीबें सीखी जा सकती हैं।'
कब रिलीज हो रही है 'बेबी डू डाई डू'?
हुमा कुरैशी और रचित सिंह स्टारर 'बेबी डू डाई डू' की रिलीज की बात करें तो ये फिल्म 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का टीजर और ट्रेलर पहले ही जारी किया जा चुका है, जो दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल रहा। फिल्म में हुमा कुरैशी और रचित सिंह के साथ सिकंदर खेर, चंकी पांडे, मरुधा शेखावत, विद्या मालवाड़े और हिमांशु मलिक जैसे स्टार भी अहम भूमिका में हैं। वहीं 'इश्क कमीना 2.O' की बात करें तो इसकी कोरियोग्राफी फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने की है। गाना टिप्स म्यूजिक ने रिलीज किया है और ये अब सभी म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स में मौजूद है।
ये भी पढ़ेंः 'टॉक्सिक' में कियारा आडवाणी के बाद हुई इस हसीना की एंट्री, पहला लुक आया सामने, यश की फिल्म में निभाएंगी ये रोल
ऑनलाइन गालियों को लेकर बोलीं एक्ट्रेस, कहा- कड़ी सजा मिलने का बने प्रावधान