1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सुनील गावस्कर को नहीं मिल रहे 'धुरंधर 2' के टिकट, परेशान होकर 'जमील जमाली' से मांगी मदद, 'कहीं से जुगाड़ कर दो'

सुनील गावस्कर को नहीं मिल रहे 'धुरंधर 2' के टिकट, परेशान होकर 'जमील जमाली' से मांगी मदद, 'कहीं से जुगाड़ कर दो'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Mar 23, 2026 09:36 pm IST,  Updated : Mar 23, 2026 09:36 pm IST

इन दिनों हर तरफ सिर्फ 'धुरंधर 2' की गूंज ही सुनाई दे रही है। फिल्म देखने वालों की सिनेमाघरों में ऐसी भीड़ उमड़ पड़ी है कि आम लोगों की तरह अब सेलेब्स को भी टिकट मिलना मुश्किल हो गई है। इन लोगों में सुनील गावस्कर का नाम भी शामिल है।

sunil gavaskar- India TV Hindi
सुनील गावस्कर, राकेश बेदी। Image Source : INSTAGRAM/@GAVASKARSUNILOFFICIAL

इंडियन प्रीमियर लीग शुरू होने को है, लेकिन लोगों के बीच इन दिनों आईपीएल 2026 का हल्ला नहीं बल्कि 'धुरंधर 2' के चर्चे हैं। 5 दिन पहले ही आदित्य धर की ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और बॉक्स ऑफिस पर 750 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। ट्रेड पंडितों का कहना है कि जिस रफ्तार से फिल्म कमाई कर रही है, वो दिन दूर नहीं जब धुरंधर 2 देश की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी। 'धुरंधर 2' के लिए दर्शकों के बीच कैसा पागलपन है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पांच दिन से लगातार इसके शोज हाउसफुल जा रहे हैं और आम लोग तो छोड़िए, लेजेंडरी क्रिकेटर सुनील गावस्कर तक को धुरंधर 2 की टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। इसका खुलासा खुद राकेश बेदी ने किया है।

राकेश बेदी की अपील

धुरंधर 2 में राकेश बेदी के काम की भी खूब तारीफ हो रही है। दर्शक फिल्म के ट्विस्ट से बाहर नहीं आ पा रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी इसका जिक्र छिड़ा हुआ है। हाल ही में धुरंधर 2 के जमील जमाली यानी राकेश बेदी ने अपना एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स को लेकर अपने फैंस को धन्यवाद कहते दिखे, साथ ही दर्शकों से अपील की कि वह फिल्म के वीडियो शूट करके सोशल मीडिया पर शेयर न करें।

धुरंधर का हिस्सा होने पर गर्व- राकेश बेदी

वीडियो में राकेश बेदी कह रहे हैं- 'दोस्तों, मुझे फिल्म 'धुरंधर' का हिस्सा होने पर गर्व है और मैं कहना चाहूंगा कि 'धुरंधर' ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, बल्कि भारत और दुनिया भर के लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी है। यह सिर्फ एक व्यावसायिक सफलता नहीं है, बल्कि भारतीय जनता पर गहरा प्रभाव डाल रही है। फिल्म देखने वाले लोगों की प्रतिक्रियाएं और कमाई अभूतपूर्व, बेमिसाल और बेजोड़ हैं। इस फिल्म से कई तरह की भावनाएं जुड़ी हुई हैं, लेकिन मेरी आपसे एक गुजारिश है कि फिल्म देखते समय इसके सीन की शूटिंग न करें और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें, क्योंकि इससे फिल्म का मजा किरकिरा हो जाएगा। और खासकर फिल्म के आखिरी सीन, क्लाइमेक्स की शूटिंग न करें और उसे सोशल मीडिया पर न डालें, क्योंकि यह गलत है।'

सुनील गावस्कर को नहीं मिल रही धुरंधर 2 की टिकट

वीडियो में राकेश बेदी आगे कहते हैं- 'कल मैं देश के ग्रेट स्पोर्ट्समैन सुनील गावस्कर जी से मिला और उन्होंने मुझसे कहा- राकेश जी फिल्म के टिकट नहीं मिल रहे हैं तो मुझे कुछ करके इसका कोई इंतजाम करिए। तो मैं उनके लिए टिकट्स अरेंज करने की कोशिश कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं उनके लिए कोई बंदोबस्त कर पाऊंगा, लेकिन फिर से मेरी आप सबसे रिक्वेस्ट है कि फिल्म के सीन शूट करके सोशल मीडिया पर पोस्ट मत करिए। ये सही चीज नहीं है। आपने फिल्म देख ली, एंजॉय किया। अब दूसरों को एंजॉय करने दीजिए। थैंक यू।'

बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 की दहाड़

बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 का कहर जारी है। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने अब तक 761 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है और फिल्म की रफ्तार से एक बात साफ होती है कि बॉक्स ऑफिस पर ये रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन करने के लिए तैयार है। फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, आर माधवन, दानिश पंडोर और राकेश बेदी जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं।

ये भी पढ़ेंः 70 के स्पीड वाली टक्कर और ट्रैक्टर के पास जा गिरे रणवीर, 'धुरंधर 2' के सेट पर हुआ था हादसा, सहम गया था एक्टर

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन